Samachar Nama
×

नोएडा: रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो रसगुल्ले कराए नष्ट

नोएडा: रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो रसगुल्ले कराए नष्ट
नोएडा: रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो रसगुल्ले कराए नष्ट

गौतमबुद्धनगर, 24 अगस्त (आईएएनएस)। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिले के लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की अलग-अलग टीमों ने सोमवार को कई स्थानों पर जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि सरफाबाद सेक्टर-72 स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला में दूषित अवस्था में पाए गए करीब 100 किलोग्राम रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर की जा रही है। विभाग का मुख्य उद्देश्य रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले दूध, पनीर, खोया, घेवर, रसगुल्ला और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 23 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ओपी सिंह और रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चौधरी डेरी, पिसावा, जलालपुर, अलीगढ़ से इको गाड़ी के जरिए दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर की जांच की गई और उसका एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा बाजना, मथुरा की भीमसेन डेरी से गाड़ी के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर के दो नमूने भी लिए गए।

इसके बाद 24 अगस्त को भी खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने कई प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की। अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-134 स्थित बीएस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का एक नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-2 के प्लॉट नंबर-66 स्थित शगुन स्वीट्स की निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां से खोया और घेवर के एक-एक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

सबसे बड़ी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सरफाबाद, सेक्टर-72, नोएडा स्थित प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला में की। जांच के दौरान करीब 100 किलोग्राम रसगुल्ले दूषित अवस्था में पाए गए।

अधिकारियों के अनुसार, रसगुल्लों पर मक्खी-मच्छर पड़े हुए थे और उनकी स्थिति मानव उपभोग के लिए उचित नहीं थी। खाद्य सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर ही लगभग 100 किलोग्राम रसगुल्लों को नष्ट करा दिया।

विभाग के मुताबिक, अभियान के तहत लिए गए सभी सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों, डेयरियों, निर्माण इकाइयों और खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वाले वाहनों की जांच करेंगी।

अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावट या दूषित खाद्य पदार्थ पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags