नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात अपराधी को किया गिरफ्तार, एनसीआर में दर्ज हैं 16 मुकदमे
नोएडा, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान घायल होने के कारण अपराधी को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेक्टर-63 थाने की पुलिस टीम देर रात गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की बाइक वहां पहुंची। बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास। संदेश होने पर पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और इसी दौरान आरोपी की बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस के अनुसार, अपराधी ने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया। जैसे ही आरोपी ने गोली चलाई, तभी पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल होकर मौके पर ही गिर गया। बाद में पुलिस टीम ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
घायल बदमाश की पहचान शिवम उर्फ शुभम राजपूत (28) के रूप में हुई, जो सेक्टर-63 के आश्रम क्षेत्र का रहने वाला है। मौके से पुलिस ने एक बाइक बरामद की, जिसके बारे में जांच में पता चला कि वह चोरी की बाइक थी। इसके अलावा, पुलिस टीम ने .315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए।
सेंट्रल नोएडा एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद घायल स्थिति में आरोपी को अस्पताल के लिए भेजा गया। साथ ही, उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे एनसीआर क्षेत्र में दर्ज हैं। फिलहाल,आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

