Samachar Nama
×

नोएडा मेट्रो ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक्वा लाइन पर एक दिन में 1.05 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर

नोएडा मेट्रो ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक्वा लाइन पर एक दिन में 1.05 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर
नोएडा मेट्रो ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक्वा लाइन पर एक दिन में 1.05 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर

नोएडा, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने यात्रियों की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। 23 अक्टूबर यानी शनिवार को नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन पर कुल 1,05,358 यात्रियों ने सफर किया। यह एनएमआरसी के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक एक दिन की यात्री संख्या है।

इस उपलब्धि को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो सेवाओं के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे और सार्वजनिक परिवहन के बढ़ते इस्तेमाल के रूप में देखा जा रहा है।

एनएमआरसी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और मेट्रो सफर को अधिक आसान बनाने के लिए लगातार कई कदम उठाए जा रहे हैं। टिकटिंग व्यवस्था में सुधार, डिजिटल सुविधाओं का विस्तार और मेट्रो स्टेशनों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। इन पहलों के चलते मेट्रो की औसत दैनिक यात्री संख्या में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनएमआरसी ने ट्रेन संचालन की आवृत्ति बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके तहत एक्वा लाइन पर व्यस्त समय यानी पीक आवर्स में ट्रेनों के बीच का अंतराल 7 मिनट 30 सेकंड से घटाकर 6 मिनट 35 सेकंड किया जाएगा। यह बदलाव 1 नवंबर 2026 से लागू करने की योजना है। इस फैसले से सुबह और शाम के व्यस्त समय में मेट्रो का इंतजार कम होने की उम्मीद है। कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य कार्यस्थलों तक आने-जाने वाले यात्रियों को इससे राहत मिल सकती है। ट्रेनों के बीच अंतराल कम होने से बढ़ती भीड़ को संभालने और यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

एनएमआरसी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए देर रात तक मेट्रो संचालन बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार, सेक्टर-51 से डिपो स्टेशन की ओर जाने वाली आखिरी मेट्रो रात 11 बजकर 25 मिनट पर रवाना हो सकती है। हालांकि, देर रात की सेवा से संबंधित यह प्रस्ताव अभी अंतिम रूप से स्वीकृत नहीं हुआ है। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और परिचालन संबंधी व्यवहार्यता का आकलन किया जा रहा है। अंतिम निर्णय होने के बाद ही इस बदलाव को लागू करने की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो देर शाम और रात में यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिल सकती है।

एनएमआरसी यात्रियों के सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग व्यवस्था को बढ़ावा दे रहा है। इसके साथ ही नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सुविधा लागू की गई है, जिससे यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक टिकटिंग विकल्प मिल सकें। मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच बेहतर बनाने के लिए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के माध्यम से कनेक्टिविटी में सुधार सहित अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं।

इसके अलावा, मेट्रो से उतरने के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए संबंधित हितधारकों के साथ मिलकर अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी यानी लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर चर्चा की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags