नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन, वाहनों में आगजनी से हालात बिगड़े; स्थिति तनावपूर्ण
नोएडा, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया, जिसके चलते पूरे शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में हजारों की संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतर आए और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के चलते नोएडा के फेस-2, सेक्टर 62, सेक्टर 1 और सेक्टर 63 जैसे प्रमुख औद्योगिक इलाकों में हालात काफी गंभीर बने हुए हैं। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
खासकर स्कूलों से निकलने वाली बसें भी जाम में फंस गईं, जिसके कारण बच्चों को घर पहुंचने में काफी देर हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
इसी बीच प्रदर्शन ने उस समय और हिंसक रूप ले लिया, जब उग्र भीड़ ने सेक्टर 63 स्थित एक मारुति नेक्सा सर्विस सेंटर को निशाना बना लिया। जानकारी के अनुसार, सर्विस के लिए आई गाड़ियों में आगजनी की गई। भीड़ ने करीब 7 दोपहिया और 6 चारपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
इसके अलावा एक दर्जन से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त भी किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और देखते ही देखते वाहनों में आग लगा दी गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस हालात को सामान्य करने में जुटी हुई है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी

