नोएडा में शराब पार्टी के दौरान कार में लगी भीषण आग, जिंदा जलने से युवक की मौत, सीएनजी ब्लास्ट से मचा हड़कंप
नोएडा, 17 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत ट्रक मार्केट रायपुर तिराहे के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां खड़ी एक टैक्सी कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार के अंदर मौजूद एक युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। आग की चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दिनांक 16/17 नवंबर 2026 की रात थाना सेक्टर-126 पुलिस को ट्रक मार्केट में एक टैक्सी कार में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस यूनिट और मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतमबुद्धनगर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया। जब पुलिस और राहत टीम ने कार की तलाशी ली तो उसके अंदर एक व्यक्ति झुलसी हुई अवस्था में मिला। उसे बिना देरी किए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय कार चालक राजेंद्र और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक कार में शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की आशंका है। कार सीएनजी से संचालित बताई जा रही है और आग लगने के बाद उसमें ब्लास्ट होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस मृतक युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में आग लगने के समय मौजूद दोनों युवकों में से मृतक कौन था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही कार के स्वामित्व, चालक और मृतक के साथ मौजूद दूसरे युवक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले में अन्य जरूरी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

