Samachar Nama
×

नोएडा में रात के समय चला औचक अभियान, मिश्रित कूड़ा उठाने वाले 5 वाहन जब्त

नोएडा में रात के समय चला औचक अभियान, मिश्रित कूड़ा उठाने वाले 5 वाहन जब्त
नोएडा में रात के समय चला औचक अभियान, मिश्रित कूड़ा उठाने वाले 5 वाहन जब्त

नोएडा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने तथा मिश्रित कूड़े के अवैध उठान पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने रात के समय औचक निरीक्षण और निगरानी अभियान चलाया। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं महाप्रबंधक के निर्देश पर 23 सितंबर, बुधवार को शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अनधिकृत रूप से मिश्रित कूड़ा उठाते पाए गए कुल पांच वाहनों को जब्त किया गया।

यह अभियान वरिष्ठ प्रबंधक, हेल्थ एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कपिल सिंह और प्रबंधक गौरव शुक्ला के नेतृत्व में प्राधिकरण की पुलिस के सहयोग से चलाया गया। टीम ने रात के समय विभिन्न स्थानों पर अचानक पहुंचकर कूड़ा संग्रहण और परिवहन की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान यह जांच की गई कि प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े का उठान निर्धारित नियमों और अधिकृत माध्यम से किया जा रहा है या नहीं।

सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल में निरीक्षण के दौरान टीम को तीन ऐसे वाहन मिले, जो अनधिकृत रूप से मिश्रित कूड़ा उठाते हुए पाए गए। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। इसके बाद टीम ने सेक्टर-62 स्थित बिंज सेंट्रल का निरीक्षण किया। यहां भी एक वाहन बिना अधिकृत अनुमति के मिश्रित कूड़ा उठाते हुए पाया गया। इस वाहन को भी मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसी क्रम में सेक्टर-62 स्थित आई- थम में भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां निरीक्षण के दौरान एक अनधिकृत वाहन मिश्रित कूड़ा उठाते हुए मिला।

प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए इस वाहन को भी जब्त कर लिया। इस प्रकार अभियान के दौरान डीएलएफ मॉल से तीन, बिंज सेंट्रल से एक और आई थम से एक वाहन समेत कुल पांच वाहनों पर कार्रवाई की गई। नियमों के तहत बल्क वेस्ट जनरेटर के लिए कूड़े का उचित पृथक्करण, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संग्रहण और अधिकृत माध्यम से उसका निस्तारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके विपरीत मिश्रित कूड़े का अनधिकृत रूप से उठान किए जाने पर प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की।

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में गीले और सूखे कूड़े के पृथक्करण को सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कूड़ा केवल निर्धारित और अधिकृत व्यवस्था के माध्यम से ही उठाया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण ने नागरिकों, बाजारों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों से अपील की है कि वे कूड़े को स्रोत यानी अपने परिसर के स्तर पर ही अलग-अलग करें। गीले और सूखे कूड़े को मिलाकर न रखें और कूड़ा उठाने के लिए केवल अधिकृत एजेंसी या माध्यम का ही इस्तेमाल करें। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों और प्रतिष्ठानों के सहयोग से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है तथा अनधिकृत रूप से मिश्रित कूड़े के उठान पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags