Samachar Nama
×

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद सरिया चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद सरिया चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद सरिया चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने निर्माणाधीन साइटों से सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

24 अक्टूबर को सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रुकने के बजाय मोटरसाइकिल लेकर डी पार्क की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो डी पार्क के सामने घुमावदार सड़क पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी राजू सिंह उर्फ राजा (34) के रूप में की है। दूसरे आरोपी की पहचान राहुल सिंह (30) के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल, 2,500 रुपए नकद और .315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया है। तमंचे के साथ एक जिंदा और एक खोखा कारतूस भी मिला है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके दो साथी अर्जुन और सुनील डी पार्क के पीछे स्कूटर रेहड़ा लेकर खड़े हैं। गिरोह के सदस्य मिलकर निर्माणाधीन साइटों की रेकी करते थे और वहां से सरिया चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए सरिये को गाजियाबाद जिले के एक कबाड़ी के पास बेच दिया जाता था।

आरोपियों ने बताया कि पिछले एक महीने में उन्होंने अलग-अलग निर्माणाधीन साइटों से 15 से 16 बार सरिया चोरी किया है। राहुल और राजू से मिली जानकारी तथा उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई की। इसके बाद उनके दो अन्य साथियों अर्जुन और सुनील को स्कूटर रेहड़े सहित खोड़ा रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अर्जुन की उम्र करीब 27 वर्ष और सुनील की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। दोनों दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र की झुग्गियों के निवासी हैं।

पुलिस अब गिरोह के चोरी के माल को खरीदने वाले कबाड़ी और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बरामद अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की है। इस संबंध में थाना सेक्टर-20 नोएडा में वर्ष 2022 में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, सरिया चोरी के मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, राजू सिंह उर्फ राजा गिरोह का मुख्य सरगना है। उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

उपलब्ध आपराधिक विवरण में नोएडा के सेक्टर-58 और सेक्टर-20 थानों के मामलों के अलावा दिल्ली के प्रीत विहार, समयपुर बादली, रूप नगर और अमर कॉलोनी थानों में चोरी तथा अन्य संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। राहुल सिंह के खिलाफ भी नोएडा के सेक्टर-58 और सेक्टर-20 थानों में दर्ज मामलों के अतिरिक्त दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

अर्जुन के खिलाफ सरिया चोरी के मामले के साथ हरियाणा के बहादुरगढ़ में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज बताया गया है। सुनील के खिलाफ भी थाना सेक्टर-58 में सरिया चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी

Share this story

Tags