नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार
नोएडा, 8 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के 14 मोबाइल फोन, दो चोरी की मोटरसाइकिल, मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला उपकरण, मोबाइल फोन बेचकर मिले 5 हजार रुपये नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चोरी और राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को सर्विस रोड, सेक्टर-28, नोएडा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु कुमार, मन्नू कुमार और नावेद खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आशु कुमार और मन्नू कुमार चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे, जबकि नावेद खान छीने गए मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स को बेचने का काम करता था। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीनों मिलकर चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। आशु कुमार और मन्नू कुमार चोरी की गई मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दिल्ली-एनसीआर में घूमते थे और सड़क पर पैदल या अन्य तरीके से जा रहे लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लेते थे।
इसके बाद छीने गए मोबाइल फोन नावेद खान को सौंप दिए जाते थे। पुलिस के अनुसार, मन्नू कुमार मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता है जबकि नावेद खान की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। नावेद कथित तौर पर छीने गए मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स को बेचकर पैसा कमाता था। चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने से मिलने वाली रकम को तीनों आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 14 चोरी या स्नेचिंग के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा 5 हजार रुपये नकद, एक यामाहा R-15 मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में दर्ज मामले से संबंधित है। आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक स्क्रू और दो अवैध चाकू भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आशु कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-20, थाना सेक्टर-24 और दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने समेत बुलंदशहर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। आशु के खिलाफ वर्ष 2025 में खुर्जा देहात, कोतवाली देहात और सिकंदराबाद थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मन्नू कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-20 और सेक्टर-24 के अलावा दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, आरोपी नावेद खान के खिलाफ थाना सेक्टर-20 और सेक्टर-24 तथा कालिंदी कुंज थाने में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त उसके खिलाफ वर्ष 2017 में बुलंदशहर के खानपुर थाने में भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितनी चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है तथा उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

