Samachar Nama
×

नोएडा में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान, सेक्टरों और गांवों में होगी एंटी लार्वा स्प्रे व फॉगिंग

नोएडा में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान, सेक्टरों और गांवों में होगी एंटी लार्वा स्प्रे व फॉगिंग
नोएडा में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान, सेक्टरों और गांवों में होगी एंटी लार्वा स्प्रे व फॉगिंग

नोएडा, 30 सितंबर (आईएएनएस)। शहर में संचारी रोगों की रोकथाम और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने अक्टूबर माह में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-01 से लेकर वर्क सर्किल-05 तक के अंतर्गत आने वाले अलग-अलग सेक्टरों और गांवों में रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग कराई जाएगी।

अभियान का उद्देश्य मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया समेत मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार को रोकना और शहर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना है। प्राधिकरण की ओर से तैयार किए गए अक्टूबर माह के रोस्टर के अनुसार अलग-अलग दिनों में विभिन्न सेक्टरों और ग्रामीण क्षेत्रों को अभियान में शामिल किया जाएगा।

इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित करेंगी। खासतौर पर गड्ढों, नालियों और अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच की जाएगी। जहां भी पानी जमा मिलेगा, वहां एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से पहले ही नष्ट किया जा सके।

इसके अलावा झाड़ियों, खाली पड़े स्थानों, गंदगी वाले क्षेत्रों और ऐसे अन्य स्थानों पर भी फॉगिंग कराई जाएगी, जहां मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है। आवश्यकता के अनुसार चिन्हित स्थानों पर फॉगिंग की जाएगी।

प्राधिकरण का प्रयास है कि अभियान को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए मच्छरों के वास्तविक प्रजनन स्थलों की पहचान कर वहां प्रभावी कार्रवाई की जाए। अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षकों और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने-अपने क्षेत्रों में फॉगिंग मशीन और एंटी लार्वा स्प्रे सहित अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही अभियान के दौरान प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कार्रवाई भी कराई जाएगी।

प्राधिकरण के अनुसार मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम केवल सरकारी स्तर पर किए जाने वाले छिड़काव और फॉगिंग से संभव नहीं है। इसके लिए नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, छतों, पुराने बर्तनों, टायरों तथा अन्य ऐसे स्थानों की नियमित सफाई करें, जहां बारिश या अन्य कारणों से पानी जमा हो सकता है।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास लंबे समय से पानी जमा है या मच्छरों के प्रजनन की स्थिति दिखाई देती है तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। समय पर पानी की निकासी और सफाई होने से मच्छरों के प्रजनन को काफी हद तक रोका जा सकता है।

नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि अक्टूबर माह में चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मच्छरों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण का लक्ष्य नोएडा में स्वच्छ, स्वस्थ और मच्छरमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी

Share this story

Tags