Samachar Nama
×

नोएडा में अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 24 दोपहिया वाहन बरामद, 3 गिरफ्तार

नोएडा, 13 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा के गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नोएडा के सेक्टर-49 थाने की पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 22 मोटरसाइकिल, 2 स्कूटी, एक फर्जी नंबर प्लेट तथा एक अवैध तमंचा .32 बोर मय एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए बिजलीघर सेक्टर-50, नोएडा क्षेत्र से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ सलीम (23 वर्ष), दीपक (22 वर्ष) और दिवाकर सरकार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें से विशाल के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। बरामद वाहनों में से कुछ मोटरसाइकिलें पहले से दर्ज मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं।

एक मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-20 नोएडा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 347/2025 से संबंधित है। वहीं, दो अन्य मोटरसाइकिलें दिल्ली के अशोक नगर और पुल प्रहलादपुर थानों में दर्ज मुकदमों से जुड़ी हुई हैं। पुलिस अब अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में पता चला है कि ये गैंग नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद सहित एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में पहले रैकी करते थे और फिर मौका देखकर दोपहिया वाहनों की चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को किसी सुनसान स्थान पर एकत्र कर लिया जाता था और बाद में राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी विशाल उर्फ सलीम पर पहले से ही आर्म्स एक्ट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दीपक के खिलाफ भी चोरी, आयुध अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। दिवाकर सरकार का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह लम्बे समय से सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बरामदगी के आधार पर अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags