नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर और मोबाइल स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
नोएडा, 19 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के 22 दोपहिया वाहन, स्नेचिंग के 31 मोबाइल फोन, 2500 रुपए नकद और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में रेकी कर चोरी और स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 18 सितंबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने गिरोह से जुड़े चार आरोपियों विक्की यादव उर्फ मोटा, करण नागर, रविन्द्र और विश्वा महतो उर्फ राजा को थाना सेक्टर-24 और खोड़ा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुनसान स्थानों की रेकी करते थे और वहां खड़े मोटरसाइकिल तथा स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल वे मोबाइल फोन स्नेचिंग की वारदातों में करते थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपी चोरी की अलग-अलग मोटरसाइकिल और स्कूटी बदल-बदलकर इस्तेमाल करते थे। आरोपी सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन छीनते थे। चोरी किए गए दोपहिया वाहनों को पुलिस की नजर से बचाने के लिए जंगल, झाड़ियों और अन्य सुनसान स्थानों में छिपा दिया जाता था।
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि स्नेचिंग किए गए मोबाइल फोन में से कुछ को आरोपी राहगीरों को सस्ते दामों पर बेच देते थे। वहीं, कुछ मोबाइल फोन आरोपी विश्वा महतो उर्फ राजा के माध्यम से बिहार ले जाए जाते थे, जहां उन्हें अपेक्षाकृत अच्छे दामों पर बेचकर रकम हासिल की जाती थी। मोबाइल फोन की बिक्री से मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे और अपने शौक-मौज में खर्च करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय विक्की यादव उर्फ मोटा, पुत्र राम शंकर, निवासी घड़ोली डेयरी फार्म, दिल्ली; 19 वर्षीय करण नागर, पुत्र मुकेश नागर, निवासी मयूर विहार फेस-3, थाना गाजीपुर, दिल्ली; 21 वर्षीय रविन्द्र, पुत्र सियाराम, निवासी मयूर विहार फेस-3, थाना गाजीपुर, दिल्ली; और 26 वर्षीय विश्वा महतो उर्फ राजा, पुत्र रमाकान्त महतो, निवासी ग्राम एवं थाना मोदीनगर, समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान पता खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विक्की यादव उर्फ मोटा, रविन्द्र और विश्वा महतो उर्फ राजा के पास से एक-एक अवैध चाकू, यानी कुल तीन अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली के थाना सरिता विहार और न्यू अशोक नगर में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 22 चोरी के दोपहिया वाहन, 31 स्नेचिंग किए गए मोबाइल फोन, मोबाइल बिक्री से प्राप्त 2500 रुपए नकद और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब बरामद वाहनों और मोबाइल फोन के संबंध में दर्ज अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी-स्नेचिंग के नेटवर्क के बारे में भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

