Samachar Nama
×

नोएडा में एलपीजी सप्लाई पर असर, श्रीराम स्कूल ने लंच-स्नैक्स बंद होने की जताई आशंका

नोएडा, 12 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा में एलपीजी गैस की संभावित कमी और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों का असर अब स्कूलों पर भी दिखाई देने लगा है। सेक्टर स्थित 'द श्री राम स्कूल' ने अभिभावकों को एक आधिकारिक ई-मेल भेजकर जानकारी दी है कि गैस की उपलब्धता न होने के कारण स्कूल प्रशासन आने वाले दिनों में बच्चों को लंच और स्नैक्स उपलब्ध कराने में असमर्थ हो सकता है।

स्कूल की ओर से भेजे गए मेल में बताया गया है कि जिस वेंडर के माध्यम से स्कूल में बच्चों के लिए भोजन और स्नैक्स तैयार कराए जाते हैं, उसके पास फिलहाल केवल दो दिन का ही एलपीजी स्टॉक बचा हुआ है। यदि समय पर गैस की आपूर्ति नहीं हो पाती है तो स्कूल प्रबंधन 16 मार्च से छात्रों को लंच और स्नैक्स उपलब्ध नहीं करा पाएगा।

स्कूल प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए अभिभावकों से सहयोग की अपील की है। मेल में कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों में यदि गैस की व्यवस्था नहीं हो पाती है तो पेरेंट्स को कुछ समय के लिए बच्चों के लिए घर से ही टिफिन भेजना पड़ सकता है।

ई-मेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान-इराक वार से जुड़े हालात और वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़े असर के कारण एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, जिसके चलते स्कूल के फूड वेंडर को गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।

इस मेल के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। कई पेरेंट्स का कहना है कि यदि गैस की कमी का असर स्कूलों तक पहुंच रहा है तो यह चिंता का विषय है। वहीं, कुछ अभिभावकों ने स्कूल के फैसले को व्यावहारिक बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में बच्चों के लिए घर से भोजन भेजना ही बेहतर विकल्प होगा।

उधर, जिले में गैस की कमी को लेकर पहले भी अफवाहों और वास्तविक स्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क है। प्रशासन की ओर से गैस एजेंसियों और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल स्कूल प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही एलपीजी आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और बच्चों के लिए लंच व स्नैक्स की व्यवस्था पहले की तरह बहाल की जा सकेगी। तब तक अभिभावकों से सहयोग की अपील की गई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags