नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन, नीतू समरा बनीं अंतरिम सीईओ
ग्रेटर नोएडा, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में नेतृत्व स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए बताया कि नीतू समरा को तत्काल प्रभाव से अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक निदेशक मंडल द्वारा नियमित सीईओ के चयन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं कर ली जाती। यह बदलाव ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) के निर्देशों के अनुपालन में किया गया है। बीसीएएस के नियमों के अनुसार भारत में किसी भी एयरपोर्ट का सीईओ भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। इसी के चलते यह निर्णय लिया गया है, ताकि एयरपोर्ट संचालन सभी नियामकीय मानकों के अनुरूप हो सके।
नीतू समरा इससे पहले अक्टूबर 2021 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने एयरपोर्ट के विकास के महत्वपूर्ण चरणों में वित्तीय प्रबंधन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और रणनीतिक योजना में अहम भूमिका निभाई है। उनके अनुभव और परियोजना की गहरी समझ को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, अब तक सीईओ के रूप में कार्य कर रहे क्रिस्टोफ स्कैनेलमैन को नई भूमिका देते हुए एयरपोर्ट के निदेशक मंडल में कार्यकारी उपाध्यक्ष (एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन) नियुक्त किया गया है। इस पद पर रहते हुए वे एयरपोर्ट परियोजना और इसके संचालन में निरंतर सहयोग प्रदान करेंगे। इस संबंध में डेनियल बिर्चर, जो यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन हैं, ने कहा कि मार्च 2026 में प्रधानमंत्री द्वारा एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्राथमिकता जल्द से जल्द संचालन शुरू करने की है।
उन्होंने कहा कि यह प्रबंधन बदलाव बीसीएएस के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है और इससे नेतृत्व में निरंतरता बनी रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि नया प्रबंधन ढांचा एयरपोर्ट के सुचारू संचालन की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा और पारदर्शी गवर्नेंस के साथ मजबूत कॉर्पोरेट संस्कृति को बढ़ावा देगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश का एक आधुनिक एविएशन हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी

