Samachar Nama
×

नोएडा: इंटीरियर डिजाइन के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 2 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-63 की पुलिस ने इंटीरियर डिजाइन के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आई होम मास्टर प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के माध्यम से ठगी करने वाले आरोपी गुड्डू आलम को सेक्टर-63 स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया है।

आरोपी के कब्जे से 6 मॉनीटर, 6 सीपीयू, 6 कीबोर्ड और 1 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू आलम ने अपनी कंपनी आई होम मास्टर प्राइवेट लिमिटेड के जरिए इंटीरियर कार्य के नाम पर करीब 20 लोगों से अनुबंध कर लगभग दो करोड़ रुपए की धनराशि वसूल की।

आरोपी ग्राहकों को आकर्षक डिजाइन और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का झांसा देता था, लेकिन अग्रिम राशि लेने के बाद न तो कार्य शुरू करता था और न ही पैसे लौटाता था। जब पीड़ित ग्राहक अपनी रकम वापस मांगते थे, तो आरोपी उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि ग्रेटर नोएडा स्थित एक फ्लैट के इंटीरियर कार्य के लिए आरोपी ने लगभग 10 लाख रुपए लिए थे, लेकिन न तो कार्य पूरा किया गया और न ही धनराशि लौटाई गई।

इस संबंध में थाना सेक्टर-63 में मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में अब तक यह तथ्य उजागर हुआ है कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने अलग-अलग लोगों से धनराशि प्राप्त की। इस प्रकार अब तक कुल 94,00,779 रुपए के गबन की पुष्टि हुई है।

पुलिस अन्य पीड़ितों की जानकारी भी एकत्र कर रही है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2021 से कंपनी का डायरेक्टर है और ग्राहकों से कुल लागत का 50 से 60 प्रतिशत अग्रिम के रूप में लेता था। इसके बाद वह जानबूझकर घरों और फ्लैटों में तोड़फोड़ कर कार्य अधूरा छोड़ देता था, ताकि ग्राहक किसी अन्य इंटीरियर डिजाइनर के पास न जा सके।

आरोपी सोशल मीडिया प्रचार और फोन कॉल्स के माध्यम से लोगों का भरोसा जीतता था और प्राप्त धनराशि को अपने निजी शौक पूरे करने में खर्च करता था। गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू आलम, उम्र 35 वर्ष, बी.टेक शिक्षित है और मूल रूप से बिहार का निवासी है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-63 में दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags