Samachar Nama
×

नोएडा: डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-126 थाने की पुलिस ने डेटिंग ऐप के माध्यम से युवक को फंसाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की है।
नोएडा: डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-126 थाने की पुलिस ने डेटिंग ऐप के माध्यम से युवक को फंसाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल को एक युवक ने थाना सेक्टर-126 में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से तनु वर्मा नाम की महिला से हुई थी। महिला ने उसे मिलने के बहाने सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग में बुलाया। मुलाकात के दौरान महिला ने युवक को अत्यधिक मात्रा में शराब पिलाकर नशे की हालत में कर दिया। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 27 हजार रुपए नकद चोरी कर मौके से फरार हो गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 8 अप्रैल को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-94 अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीता चक्रवर्ती उर्फ तनु वर्मा उर्फ माया और सागर चौहान के रूप में हुई है।

पूछताछ में महिला आरोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर अपना मोबाइल नंबर साझा कर अकेले युवकों से संपर्क करती थी। इसके बाद वह उनसे दोस्ती कर विश्वास जीतती और मिलने के लिए बुलाती थी। मुलाकात के दौरान वह नशीला पदार्थ या अत्यधिक शराब पिलाकर उन्हें बेहोश या नशे में कर देती थी और फिर उनके पास मौजूद कीमती आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाती थी।

पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए आभूषणों को उसका साथी सागर चौहान बाजार में बेच देता था और दोनों आपस में पैसे बांट लेते थे। आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और अंजान लोगों से मिलने से पहले पूरी सावधानी बरतें।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags