नोएडा : कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी से मारपीट और लूट, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों की रकम बरामद
नोएडा, 21 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कंपनी के ही कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के साथ मारपीट कर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, घटना 18 मार्च 2026 की है। सेक्टर-136 स्थित एक ऑनलाइन कोचिंग कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी को कंपनी के अकाउंटेंट चन्द्र मोहन सारस्वत ने अपने 2-3 साथियों के साथ मिलकर निशाना बनाया।
आरोप है कि अभियुक्तों ने पार्किंग एरिया में अधिकारी को जबरन उनकी कार से बाहर निकाला और अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित से जबरदस्ती 60,000 रुपये ऑनलाइन अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। साथ ही पीड़ित की कार में रखे 2 लाख 47 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित द्वारा 19 मार्च 2026 को थाना फेस-2 में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से कार्रवाई करते हुए चन्द्र मोहन सारस्वत और उसके साथी हनी बैसला को सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49,400 रुपये नकद, पीड़ित का आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड और घटना में इस्तेमाल वैगनआर कार बरामद की है। इसके अलावा साइबर सेल की मदद से 2,57,600 रुपये की धनराशि को आरोपियों के बैंक खातों में फ्रीज भी करा दिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चन्द्र मोहन सारस्वत पीड़ित की कंपनी में ही कार्यरत था और उसने अपने साथी हनी बैसला व अन्य लोगों के साथ मिलकर इस पूरी घटना की साजिश रची। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा पूरी तरह कर दिया जाएगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस

