Samachar Nama
×

नोएडा: बस में लगी भीषण आग, करीब 30 यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित

नोएडा: बस में लगी भीषण आग, करीब 30 यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित
नोएडा: बस में लगी भीषण आग, करीब 30 यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित

नोएडा, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में बीएसएस कूल कूल जमुना ट्रेवल्स की बस संख्या बीआर28पी3433, जो लाल किला, दिल्ली से मुजफ्फरपुर, बिहार जा रही थी, में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं तथा आग को बुझा दिया गया है। बस में लगभग 32 सवारियां मौजूद थीं, यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला गया है, कोई जनहानि नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच करते हुए अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के पास अचानक से बस में आग लग गई। शुरुआत में बस से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में बस का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग लगने के बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान बस में धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दे रही थी। इससे मौके पर मौजूद लोगों और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, धमाके की आवाज किस वजह से हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की। आग इतनी भीषण थी कि बस से काफी दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। आग की वजह से बस में रखा यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया। यात्रियों को अपने सामान के नष्ट होने से काफी नुकसान उठाना पड़ा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। बस को सड़क से हटाने और आग से संबंधित अन्य कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान बस में करीब 30 लोग मौजूद होने के बावजूद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। यदि आग तेजी से फैलने के दौरान यात्री बस के अंदर फंस जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने और किसी तरह के दोबारा खतरे को रोकने में जुटा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags