'नो-बॉल और ड्रॉप कैच पड़े भारी,' साउथ अफ्रीका से हार के बाद शांतो ने गिनाई कमियां
जोहान्सबर्ग, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो मानते हैं कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम की हार की बड़ी वजह जरूरत से ज्यादा 'नो-बॉल' फेंकना और आसान कैच छोड़ना रही। साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को टेस्ट सीरीज का पहला मैच नौ विकेट से अपने नाम किया।
बांग्लादेश ने पहली पारी में 400 रन बनाए थे, लेकिन इसके बावजूद मैच गंवा दिया। इसके साथ ही बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका में पहली पारी में 400 रन बनाने के बाद भी टेस्ट मैच हारने वाली दूसरी मेहमान टीम बन गई है।
'क्रिकइन्फो' के अनुसार, शांतो ने कहा, "अगर हमने इन चीजों में बेहतर प्रदर्शन किया होता, तो नतीजा कुछ और हो सकता था। मुझे लगता है कि जब आप दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम के खिलाफ खेलते हैं, तो आप बहुत ज्यादा गलतियां नहीं कर सकते। इसलिए, बहुत ज्यादा नो-बॉल फेंकने और कैच छोड़ने की वजह से हमें यह मैच गंवाना पड़ा।"
साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 557 रन बनाकर 157 रनों की बढ़त हासिल की। बांग्लादेशी टीम आखिरी दिन 168 रनों पर ऑलआउट हो गई और साउथ अफ्रीका ने जीत के लिए मिले 12 रनों के आसान लक्ष्य को 1.3 ओवरों में हासिल कर लिया।
शांतो ने कहा, "आमतौर पर, ऐसी परिस्थितियों में टेस्ट मैच की दूसरी पारी में स्कोर 180-220 के आसपास रहता है। सच कहूं तो, दूसरी पारी में हमारे प्रदर्शन को लेकर मुझे बहुत ज्यादा चिंता नहीं है। पहली पारी में 400 रन बनाने के बाद, हमने गेंदबाजी और फील्डिंग में गलतियां कीं।"
बांग्लादेशी टीम 22/3 के स्कोर पर मुश्किल में थी, लेकिन तंजिद हसन ने अर्धशतक लगाकर टीम को संभाला। इसके बाद तौहीद हिरदॉय और लिटन दास ने शतक जड़े। शांतो ने कहा, "टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला काफी साहसिक था। मुझे याद नहीं कि पिछली बार हमने ऐसी परिस्थितियों में कब ऐसा फैसला लिया था। इसलिए, हमारे अंदर साहस की कोई कमी नहीं है। बल्लेबाजी में हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। हमने टॉप ऑर्डर में कुछ विकेट जल्दी गंवा दिए थे। ऐसी परिस्थितियों में ऐसा हो सकता है, लेकिन जिस तरह से हृदय और लिटन ने बल्लेबाजी की, उससे मैं वाकई बहुत खुश हूं। तंजिद ने भी अच्छा खेला। हम हमेशा यही चाहते हैं - विदेश में जाकर एक टीम के रूप में बड़ा स्कोर बनाएं। यह एक बहुत अच्छी बात है, और जिस तरह से सभी ने बल्लेबाजी की, उससे मैं बहुत खुश हूं।"
--आईएएनएस
आरएसजी

