निवेश के नाम पर दिल्ली पुलिस की कांस्टेबल से 24 लाख रुपए की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन ने कांस्टेबल से 24 लाख रुपए ठगने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के वजीदपुर गांव निवासी मदन सिंह के बेटे विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर (26) के रूप में हुई है।
यह मामला दिल्ली पुलिस की कांस्टेबल शिवानी की शिकायत पर 8 सितंबर को दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने सबसे पहले उनसे इंस्टाग्राम पर संपर्क किया और कहा कि वह स्पोर्ट्स कोटे के तहत दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए मार्गदर्शन चाहता है। बाद में बातचीत वॉट्सऐप पर आ गई, जहां आरोपी ने उनसे जान-पहचान बढ़ाई और खुद को क्रिकेट जगत की एक जानी-मानी हस्ती के रूप में पेश किया। इसके बाद उसने निवेश पर भारी रिटर्न देने का झूठा लालच देकर उन्हें फंसाया।
आरोपी के बहकावे में आकर शिकायतकर्ता ने अपने एक्सिस बैंक खाते से अपनी बचत की रकम ट्रांसफर कर दी। 12 लाख रुपए का पर्सनल बैंक लोन लिया और जान-पहचान वालों से भी कुछ और पैसे उधार लिए। कुल मिलाकर उसके साथ लगभग 24 लाख रुपए की ठगी की गई।
इसमें से करीब 8 लाख रुपए आरोपी के कहने पर उन बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए, जो सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए थे। एक मुलाकात के दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उनकी कमर को गलत तरीके से छुआ और उनके साथ मारपीट भी की। दिल्ली पुलिस ने कहा कि आरोपी द्वारा ठगे गए अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके पहले दिल्ली पुलिस ने एक कंपनी से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने रेडीमेड कपड़ों और सिलाई मशीन के सामान की सप्लाई करने के बहाने एक कपड़ा निर्माता से लगभग 2 लाख रुपए की ठगी की थी। आरोपी की पहचान दिल्ली के बदरपुर निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। शाहदरा जिले की साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल शिकायतकर्ता से संपर्क करने के लिए किया गया था।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी

