नीतीश कुमार को साधु यादव की नसीहत, कहा-यह लोहिया और कर्पूरी ठाकुर का दौर नहीं
पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। बिहार से पूर्व सांसद साधु यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके बेटे व जदयू नेता निशांत कुमार के भविष्य को लेकर नसीहत देते हुए कहा कि यह दौर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर वाला नहीं है। अगर उन्हें अपने बेटे को कुछ बनाना है तो अभी बना लें, भविष्य में कौन जानता है कि निशांत कुमार को कुछ बनाया जाएगा या नहीं।
साधु यादव का यह बयान उस वक्त आया है जब निशांत कुमार को लेकर बिहार में जदयू की ओर से लगातार मुख्यमंत्री बनाने की मांग की जा रही है। बिहार में सम्राट मॉडल और नीतीश मॉडल को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस सबके बीच जदयू नेताओं ने कहा है कि नीतीश कुमार के विकास मॉडल को निशांत कुमार बढ़ा सकते हैं।
हालांकि, एनडीए नेताओं ने कहा है कि बिहार में नीतीश कुमार का मॉडल ही चलेगा। अगली सरकार भी नीतीश कुमार के मॉडल को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
पूर्व सांसद साधु यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के पास अभी मौका है कि निशांत को कुछ बनाना है तो उन्हें अपने सामने बनाना होगा।
बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर महागठबंधन की हार और तेजस्वी यादव के कोलकाता दौरे को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी द्वारा उठाए गए सवाल पर पूर्व सांसद साधु यादव ने कहा कि वह सब लोग पार्टी में हैं, तो जाहिर सी बात है कि बोलेंगे।
राज्यसभा चुनाव के दौरान राजद के एक विधायक द्वारा वोट नहीं डालने पर पूर्व सांसद साधु यादव ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि भाजपा ने यहां पांचवां उम्मीदवार देकर गलती की है। विपक्ष के पास पांचवीं सीट के लिए बहुमत था लेकिन एनडीए ने जबरदस्ती की है।
तेजप्रताप यादव के भक्ति भाव को लेकर साधु यादव ने कहा कि अच्छी बात है और सभी को अपनी-अपनी भक्ति में रहना चाहिए।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पीएम मोदी को लेकर दिए बयान पर पूर्व सांसद साधु यादव ने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में थीं, हैं और रहेंगी।
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। दो चरण में 294 सीटों पर मतदान कराए जाएंगे और इसके बाद 4 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

