Samachar Nama
×

बिहार को फिर नहीं मिलेगा नीतीश कुमार जैसा मुख्यमंत्री: चंदेश्वर प्रसाद

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। जदयू के वरिष्ठ नेता चंदेश्वर प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर कहा कि उनके जैसा सीएम बिहार को अब दोबारा कभी नहीं मिल सकता है। उन्होंने बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाई।
बिहार को फिर नहीं मिलेगा नीतीश कुमार जैसा मुख्यमंत्री: चंदेश्वर प्रसाद

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। जदयू के वरिष्ठ नेता चंदेश्वर प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर कहा कि उनके जैसा सीएम बिहार को अब दोबारा कभी नहीं मिल सकता है। उन्होंने बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाई।

नई दिल्ली में चंदेश्वर प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि वे शुरू से ही नीतीश कुमार के साथ रहे हैं और उनके काम करने के तरीके को करीब से देखने का मौका मिला।

चंदेश्वर प्रसाद ने कहा कि जब नीतीश कुमार ने 2005 में पूरी तरह बिहार की बागडोर संभाली थी, तब राज्य विकट परिस्थितियों में था। बिहार में संसाधनों की भारी कमी थी। लोगों को बिहार का निवासी कहलाने पर शर्म होती थी। प्रदेश में सारे गलत काम होते थे, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन और विकास की जो व्यवस्था शुरू हुई, उसने बिहार को पूरी तरह बदल दिया।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में भी उन्होंने बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया। उनके आने के बाद बिहार में पुलों, अस्पतालों और स्कूलों की व्यवस्था सुधरी। लोग अब शर्म नहीं, बल्कि खुद पर गर्व महसूस करने लगे। यह नीतीश कुमार की देन थी।

एक ऐसा मुख्यमंत्री पद छोड़ रहा है, जिसके जैसा शायद बिहार को फिर कभी न मिले।

बिहार के अगले सीएम को लेकर उन्होंने कहा कि एनडीए के वरिष्ठ नेता तय करेंगे कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा। मुझे विश्वास है कि वे एक अच्छे और कर्मठ व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएंगे, जो नीतीश कुमार द्वारा खींची गई लकीर को आगे बढ़ाएगा।

चंदेश्वर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को ऐसी ऊंचाई पर पहुंचा दिया है कि कोई भी बाद में चाहे तो भी उसे नीचे नहीं ला सकता। उन्होंने नीतीश कुमार के कार्यों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण की। इस ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर पर उनके साथ उपस्थित रहकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता और गर्व की अनुभूति हुई। मैं इस महत्वपूर्ण क्षण का साक्षी बनकर स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। नीतीश कुमार का पूरा राजनीतिक जीवन जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रति समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया गया है।

मुझे पूर्ण विश्वास है कि राज्यसभा के माध्यम से भी वे देशहित में अपनी सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाएंगे तथा अपने अनुभव और दूरदर्शिता से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

मैं उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं और उनके उज्ज्वल, सफल कार्यकाल की कामना करता हूं।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story

Tags