नितिन नवीन बोले, कांग्रेस-सपा ने परिवारवाद और ‘बांटो-राज करो’ की राजनीति की
मेरठ, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। मेरठ में पश्चिमी क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए नवीन ने राहुल गांधी से अमेठी के युवाओं को लेकर सवाल किया और आरोप लगाया कि विपक्ष जनता और युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद तथा प्रदेश को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से 2027 में ऐसी राजनीति को दोबारा जगह नहीं देने का आह्वान किया। नितिन नवीन ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि क्या उन्होंने कभी अमेठी के युवाओं से संवाद किया और उनके रोजगार से जुड़े दर्द को सुना।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पूरे देश में ‘झूठ की गूंज’ फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन झूठ का जीवन लंबा नहीं होता। उनके मुताबिक युवाओं के रोजगार और विकास के मुद्दे पर भाजपा सरकार ने काम किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने केवल अपने-अपने राजनीतिक परिवारों के बारे में सोचा, जबकि भाजपा ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को विकास के केंद्र में रखा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष दलितों और पिछड़ों की बात करता है, लेकिन चौधरी चरण सिंह के सम्मान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर उनका पर्याप्त सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। नवीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को चौधरी चरण सिंह की भूमि बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र की राजनीतिक विरासत और किसानों के मुद्दे को भाजपा ने सम्मान दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर चौधरी चरण सिंह की सरकारों को गिराने का आरोप भी लगाया।
नितिन नवीन ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेता फिर उत्तर प्रदेश में घूम-घूमकर प्रदेश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादियों पर अंग्रेजों की कथित ‘बांटो और राज करो’ की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे 2027 में ऐसी राजनीति को दोबारा लागू नहीं होने देने का संकल्प लें। नवीन ने दावा किया कि भाजपा सरकार की योजनाओं में गरीबों को केंद्र में रखा गया है और योजनाएं धर्म या जाति के आधार पर नहीं बनाई जातीं।
भाजपा अध्यक्ष ने 2017 से पहले की उत्तर प्रदेश सरकारों की स्थिति की तुलना मौजूदा सरकार से करते हुए दावा किया कि उस समय महिलाएं असुरक्षित थीं, किसानों को भुगतान नहीं मिलता था और व्यापारी भय के माहौल में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में अपराध और माफिया का प्रभाव था। इसके विपरीत, नवीन ने योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, रोजगार, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि जिन जिलों की पहचान पहले माफिया के नाम से होती थी, उनकी पहचान अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से हो रही है। नवीन के भाषण में राहुल गांधी और अमेठी का मुद्दा खास तौर पर राजनीतिक रूप से प्रमुख रहा। उन्होंने अमेठी के युवाओं के साथ राहुल गांधी के कथित संवाद और रोजगार के सवाल को उठाते हुए भाजपा सरकार के रोजगार संबंधी दावों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में नौ लाख नौकरियां दी हैं और युवाओं को कौशल विकास तथा रोजगार से जोड़ने का काम किया है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से कहा। नितिन नवीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 71 विधानसभा सीटों का उल्लेख करते हुए शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं से हर बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला, मंडल और बूथ के स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता संगठन और जनता के बीच सरकार के संदेश को पहुंचाने का काम करते हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/एमएस

