नितिन नबीन के नेतृत्व में और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी भाजपा: सुकांत मजूमदार
नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार और भाजपा नेता पीवीएन माधव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। दोनों नेताओं ने इसे पार्टी के लिए अहम और ऐतिहासिक क्षण बताया। सुकांत मजूमदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नितिन नबीन के नेतृत्व में और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।
सुकांत मजूमदार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा न सिर्फ देश की, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। ऐसे में जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है तो देश के हर राज्य से नेता दिल्ली पहुंचते हैं और प्रस्तावक के तौर पर अपने हस्ताक्षर करते हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल से भी पार्टी के कई नेता नितिन नबीन के समर्थन में आए थे और सभी ने एकजुट होकर उनके पक्ष में समर्थन जताया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नितिन नबीन के नेतृत्व में और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। संगठनात्मक दृष्टि से यह नेतृत्व परिवर्तन भाजपा को नई ऊर्जा देगा और पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना पहले से अधिक मजबूती के साथ करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर दिए गए बयान को लेकर सुकांत मजूमदार ने कहा कि घुसपैठ की समस्या से सबसे ज्यादा पूर्वी भारत प्रभावित रहा है। बंगाल के रास्ते बड़ी संख्या में घुसपैठिए देश में प्रवेश करते हैं और फिर अलग-अलग राज्यों में फैल जाते हैं। बिहार में भाजपा की सरकार बनना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मजूमदार ने विश्वास व्यक्त किया कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनेगी। ओडिशा और बिहार के बाद अब बंगाल की बारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे गंगा नदी बिहार से होकर बंगाल में प्रवेश करती है, उसी तरह बिहार में सरकार बनने के बाद बंगाल में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी।
वहीं, भाजपा नेता पीवीएन माधव ने भी नितिन नबीन के नामांकन को लेकर उत्साह व्यक्त किया। माधव ने कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व किया था और इस दौरान दो सेट में नामांकन दाखिल किया गया। उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि इतनी कम उम्र के नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना भाजपा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता नितिन नबीन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं और उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

