नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने किए महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन, कहा-यहां आ पाना मेरा परम सौभाग्य
पुरी, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने मंगलवार को पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे और भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महाप्रभु के दर्शन कर संतोष व्यक्त किया। मंदिर परिसर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपने पिछले अनुभव को भी साझा किया।
लाहिड़ी ने कहा, "महाप्रभु के पास पिछली दफा भी आए थे। मुझे आधा घंटा लेट हो गया था। तो बड़े-बड़े लोग का जो होता है, उन्होंने बोला दर्शन नहीं देंगे। मैं निराश होकर चला गया था। इस बार मैं डर के साथ आया था कि पता नहीं फिर कहेंगे कि दर्शन नहीं होंगे लेकिन आज बहुत बढ़िया दर्शन हुआ। मेरा परम सौभाग्य है।"
उन्होंने कहा, "जगन्नाथ के दर्शन ही काफी हैं, मुझे बहुत संतुष्टि मिली। जगन्नाथ पुरी मेरा एक सबसे प्रिय तीर्थ है। इधर आ पाए यही मेरा भाग्य है।" मंदिर की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि इस बार की व्यवस्था बहुत अच्छी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिन से ओडिशा में हैं और आज वापस लौट रहे हैं।
उन्होंने ओडिशा के विकास को लेकर भी सकारात्मक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "ओडिशा आगे बढ़ रहा है, काफी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और मेरी आशा है कि ओडिशा और आगे बढ़ेगा। इधर लोगों की तरक्की होगी।" उन्होंने कहा कि ओडिशा मेरा पसंदीदा राज्य है, इसलिए मैं ओडिशा के लिए बस शुभकामनाएं ही दे सकता हूं।"
इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से अशोक लाहिड़ी का स्वागत किया गया। उन्हें पीला पटका और प्रसाद भेंट किया गया। उनके साथ नीति आयोग के अन्य अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के लोग भी मौजूद रहे।
वहीं, इससे पहले पतितपावन की मंगला आरती के दौरान मंदिर में अनोखा आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए एकत्र हुए और भक्ति-भाव में लीन होकर आरती का अलौकिक अनुभव किया।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

