निशांत कुमार की संडे को राजनीति में एंट्री, मंडे से काम करेंगे शुरू: संजय झा
पटना, 7 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार, जो अब तक राजनीति से दूरी बनाए हुए थे, अब बिहार की राजनीति में दस्तक देने जा रहे हैं। जदयू सांसद संजय झा ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि निशांत कुमार जदयू परिवार में शामिल होंगे।
पटना में जदयू सांसद संजय झा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में शुक्रवार को विधानमंडल की बैठक हुई। इस बैठक में हम लोगों ने सीएम के सामने निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग की, जिसे सीएम ने स्वीकार कर लिया है। रविवार को निशांत कुमार पार्टी ज्वाइन करेंगे। इसके बाद वे अगले दिन से पार्टी के लिए काम करना शुरू कर देंगे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सीएम रहते बिहार के लिए लंबे समय तक काम किया है। 10 बार सीएम पद की शपथ लेने का रिकॉर्ड उनके नाम है। मुझे लगता है कि नीतीश कुमार का काम कई सारे पोस्ट से ऊपर है। जिस जगह वह बैठते हैं, उस पद की शोभा बढ़ाते हैं। उन्होंने राज्यसभा जाने का फैसला लिया है और हम उनके साथ हैं। कल ही हमने तय किया कि निशांत कुमार पार्टी में शामिल होंगे और काम करेंगे। अगले दिन से वह काम करना शुरू कर देंगे।
जदयू सांसद ने कहा कि मुझे लगता है कि बिहार और जदयू का भविष्य उज्जवल है। नीतीश कुमार का सिर्फ रोल बदल रहा है। सेशन के दौरान नीतीश कुमार कुछ दिनों के लिए दिल्ली में रहेंगे, बाकी समय वह बिहार में रहकर कामों की देखरेख करेंगे, इसीलिए किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि नीतीश कुमार हमेशा के लिए दिल्ली चले गए। वे बिहार के विकास कार्यों की जानकारी लेते रहेंगे और सुझाव भी देंगे।
निशांत कुमार के भविष्य को लेकर जदयू सांसद ने कहा कि निशांत कुमार भविष्य में क्या रोल निभाएंगे और क्या वह सरकार में शामिल होंगे? यह आने वाले समय में पार्टी लीडरशिप तय करेगी।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया है कि वे यहीं रहेंगे और पार्टी जो भी काम करेगी, सरकार भी उनके मार्गदर्शन में चलेगी। सभी ने यह भी मांग की है कि निशांत कुमार पार्टी में शामिल हों। जिसे मान लिया गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

