Samachar Nama
×

निजी हॉस्टलों के लिए गाइडलाइन की कमी, कई घटनाएं दबा दी जाती हैं : राजद सांसद सुधाकर सिंह

पटना, 22 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद महिला सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार कभी भी पूरी तरह गंभीर नहीं रही है, और हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं।
निजी हॉस्टलों के लिए गाइडलाइन की कमी, कई घटनाएं दबा दी जाती हैं : राजद सांसद सुधाकर सिंह

पटना, 22 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद महिला सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार कभी भी पूरी तरह गंभीर नहीं रही है, और हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं।

सुधाकर सिंह ने पुराने मामलों का जिक्र करते हुए आईएएनएस से कहा कि इससे पहले भी बालिका गृह और छात्रावासों से जुड़े कई मामले सामने आए थे, जिनकी जांच हुई, कुछ लोग जेल भी गए, लेकिन इससे व्यवस्था में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की एक योजना है, जिसके तहत हर राज्य और बड़े शहरों में कामकाजी महिलाओं और छात्राओं के लिए सरकारी छात्रावास बनाए जाने चाहिए। इस योजना में राशि की कोई कमी नहीं है, फिर भी बिहार ऐसा एकमात्र राज्य है, जहां आज तक पर्याप्त और सुरक्षित गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

सुधाकर सिंह ने कहा कि बच्चियों की पढ़ाई और सुरक्षित रहन-सहन दोनों ही जरूरी हैं। बिहार में बड़ी संख्या में छात्राएं निजी हॉस्टलों में असुरक्षित हालात में रहने को मजबूर हैं। सरकार ने आज तक इन निजी हॉस्टलों के लिए कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं बनाई है। यही वजह है कि कई घटनाएं या तो सामने नहीं आतीं या फिर सामाजिक दबाव के कारण दबा दी जाती हैं। कैमूर, बक्सर और अन्य जिलों में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।

राजद सांसद सुधाकर सिंह ने राजनीति के अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ राज्यों में उनकी पार्टी का राजनीतिक अस्तित्व बेहद कमजोर है और वे केवल गठबंधन की मदद से आगे बढ़ रहे हैं। लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था बेहद जरूरी है ताकि जनता का भरोसा बना रहे।

उन्होंने चुनावी फंडिंग और जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। सुधाकर सिंह ने कहा कि देश में चुनाव प्रबंधन और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी बड़ी कंपनियां काम कर रही हैं, जिनकी फंडिंग की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि चुनावों में बराबरी का माहौल बना रहे।

राजद के अंदरूनी संगठनात्मक मुद्दों पर बोलते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक विशेष परिस्थितियों में बुलाई जाती है। तेजस्वी यादव को पहले ही संगठन में कई महत्वपूर्ण अधिकार दिए जा चुके हैं और पार्टी का कामकाज उनके नेतृत्व में ही आगे बढ़ रहा है। बैठक में सभी सदस्यों की राय के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

Share this story

Tags