एनआईसीएल भर्ती 2026: एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के 321 पदों पर आवेदन शुरू, जानिए योग्यता से सैलरी तक पूरी डिटेल
कोलकाता, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (एनआईसीएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, एनआईसीएल ने 321 प्रशासनिक अधिकारियों (जनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट) (स्केल-I) की भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर वैकेंसी की घोषणा की है।
एनआईसीएल ने विभिन्न विषयों के आधार पर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के कुल 321 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है, जिनमें फाइनेंस (सीए और सीएमए) के 20, लीगल के 20, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 10, ऑटोमोबाइल इंजीनियर के 20, रिस्क इंजीनियर के 28, कंपनी सेक्रेटरी के 2, एग्रीकल्चर के 20, स्पेशलिस्ट बैकलॉग में इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का 1 और सामान्यज्ञ (जनरलिस्ट) के 200 पद शामिल हैं।
एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनआईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट (आईसीएआई)/कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया) और किसी भी विषय में ग्रेजुएशन/पोस्ट ग्रेजुएशन, लॉ में ग्रेजुएट/पोस्ट ग्रेजुएट, कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/एमसीए में बीई/बीटेक/एमई/एमटेक, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक/एमई/एमटेक, किसी भी विषय में इंजीनियरिंग (ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन), आईसीएसआई से एसीएस/एफसीएस और किसी भी विषय में ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन, एग्रीकल्चर/एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी/एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट (4 वर्ष)/पोस्ट ग्रेजुएट होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के लिए 250 रुपए तय किया गया है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित प्रारंभिक परीक्षा (बहु-विकल्पीय प्रश्न), ऑनलाइन लिखित मुख्य परीक्षा (बहु-विकल्पीय प्रश्न), इंटरव्यू, पहचान सत्यापन, फाइनल मेरिट लिस्ट और नौकरी से पहले मेडिकल जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 82,485 से 1,56,745 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा (चरण I) 17 नवंबर 2026 और ऑनलाइन मुख्य परीक्षा (चरण II) 22 दिसंबर 2026 को आयोजित होने की संभावना है। हालांकि, उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनआईसीएल की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

