निकोलस 175 पर नाबाद रहे, फिलिप्स ने भी लगाया शतक, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए 368 रन
वेलिंगटन, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के दूसरे सेशन में न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड के लिए हेनरी निकोलस और ग्लेन फिलिप्स ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली।
न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन की शुरुआत 5 विकेट पर 243 रन से की थी। निकोलस 113 और ग्लेन फिलिप्स 94 रन पर नाबाद थे। फिलिप्स ने शानदार शतक लगाया। आकाशदीप की गेंद पर बोल्ड होने से पहले फिलिप्स ने 216 गेंदों पर 118 रन बनाए। फिलिप्स और निकोलस ने छठे विकेट के लिए 216 रन की अहम साझेदारी कर स्कोर को 286 तक पहुंचाया।
फिलिप्स का विकेट गिरने के बाद भी निकोलस ने एक छोर थामे रखा और नाथन स्मिथ (14) के साथ सातवें विकेट के लिए 32, काइल जैमिसन (11) के साथ आठवें विकेट के लिए 25 और जैकब डफी (4) के साथ दसवें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 368 रन तक पहुंचाया।
हेनरी निकोलस 335 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से 175 रन बनाकर नाबाद रहे। निकोलस का यह 12वां टेस्ट शतक है और इस वेन्यू पर लगाया 5वां शतक है।
पहले दिन 70 रन पर 5 विकेट गंवाने वाली न्यूजीलैंड को 368 तक पहुंचाने का सबसे बड़ा श्रेय निकोलस और फिलिप्स की शतकीय पारी और इनके बीच छठे विकेट के लिए हुई 216 रन की साझेदारी को जाता है।
पहले दिन के पहले सत्र में बेहद प्रभावी दिखी भारतीय गेंदबाजी बाद के समय में निकोलस और फिलिप्स के सामने प्रभावहीन नजर आई। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 4, आकाशदीप ने 3, अंशुल कंबोज ने 2 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लिया। वाशिंगटन सुंदर को विकेट नहीं मिला।
भारतीय टीम की गेंदबाजी टेस्ट के पहले सत्र को छोड़कर प्रभावी नहीं रही है। ऐसे में अब इस टेस्ट मैच में टीम को मजबूती बल्लेबाजी ही दे सकती है। टीम इंडिया यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल से एक मजबूत ओपनिंग साझेदारी की उम्मीद करेगी।
--आईएएनएस
पीएके

