पहलगाम आतंकी हमले में NIA की सप्लीमेंट्री चार्जशीट, वीडियो में जाने हाफिज सईद पर साजिश रचने का आरोप
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि बैसरन घाटी में हुए इस आतंकी हमले की साजिश हाफिज सईद ने रची थी। NIA ने हाफिज सईद पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है।
22 अप्रैल 2025 को हुआ था हमला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। हमलावरों ने कथित तौर पर पर्यटकों से उनका धर्म पूछने के बाद गोली मार दी थी। इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने की थी जवाबी कार्रवाई
हमले के बाद भारत ने 6-7 मई 2025 की रात ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस अभियान के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत का दावा है कि इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे।
पहली चार्जशीट में 6 आतंकियों को बनाया गया था आरोपी
NIA ने इस मामले में 15 दिसंबर 2025 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी। उसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर साजिद जट समेत छह आतंकियों को आरोपी बनाया गया था। हालांकि उस समय हाफिज सईद का नाम चार्जशीट में शामिल नहीं था।
तीन आतंकी ढेर, हैंडलर सैफुल्लाह जट्ट की तलाश जारी
जांच एजेंसी के अनुसार, पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकवादी मारे जा चुके हैं। वहीं इस हमले का कथित हैंडलर सैफुल्लाह जट्ट उर्फ लंगड़ा अब भी फरार है। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं।
जांच में सामने आ रहे नए तथ्य
NIA का कहना है कि सप्लीमेंट्री चार्जशीट में जांच के दौरान मिले नए साक्ष्यों और तथ्यों को शामिल किया गया है। एजेंसी का दावा है कि इन सबूतों के आधार पर हमले की साजिश और इसके पीछे मौजूद आतंकी नेटवर्क की भूमिका स्पष्ट होती है।

