एनएचपीसी में अप्रेंटिस के 182 पदों पर आज से भर्ती शुरू, युवाओं के लिए सुनहरा मौका
चंडीगढ़, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत सरकार की एक 'नवरत्न' कंपनी नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचपीसी) के साथ अपने शानदार पेशावर करियर की शुरुआत करने की इच्छा रखने वाले युवालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जलविद्युत निगम लिमिटेड (एनएचपीसी) ने विभिन्न इकाइयों में अप्रेंटिस के अलग-अलग 182 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एनएचपीसी लिमिटेड ने अप्रेंटिस के जिन अलग-अलग 182 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें ग्रेजुएट अप्रेंटिस ट्रेड के 24, डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेड के 41 और आईटीआई अप्रेंटिस ट्रेड के 117 पद शामिल हैं।
एनएचपीसी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बुधवार, यानी 15 अप्रैल, के सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है, और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय लास्ट डेट के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से 10वीं उत्तीर्ण के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई/डिप्लोमा/ग्रेजुएशन या मास्टर की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन करने की तिथि के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को पद अनुसार प्रति माह 12,000 से 15,000 रुपए स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले एनएटीएस या एनएपीएस की ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। वहां खुद को रजिस्टर करने के बाद, एनएचपीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद करियर सेक्शन में जाएं। इसके बाद प्रशिक्षु नियुक्ति अभी आवेदन करें पर क्लिक करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

