Samachar Nama
×

'न्यूजीलैंड में हमारा अच्छी तरह ख्याल रखा गया': संजू सैमसन

'न्यूजीलैंड में हमारा अच्छी तरह ख्याल रखा गया': संजू सैमसन
'न्यूजीलैंड में हमारा अच्छी तरह ख्याल रखा गया': संजू सैमसन

क्राइस्टचर्च, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड में टीम इंडिया की जिस तरह से अगवानी की गई है, उसकी प्रशंसा की है। सैमसन ने कहा कि न्यूजीलैंड आने के बाद टीम का अच्छी तरह ख्याल रखा गया है।

पहले टी20 से पहले ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में सैमसन ने कहा, "ट्रैवल सच में अच्छा था। मुझे लगता है कि आपको भारतीय खिलाड़ी होने का फायदा होता है। हमारा अच्छी तरह ख्याल रखा गया। सब कुछ बहुत अच्छा था। मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड आना हमेशा बहुत रिफ्रेशिंग होता है। अच्छे लोग, अच्छा वातावरण और क्रिकेट खेलने के लिए यहां अच्छा माहौल है।"

सैमसन ने कहा, "भारतीय खिलाड़ी व्यस्त कैलेंडर से परेशान होने के बजाय, देश के लिए खेलते रहने से खुश हैं। आप जितना ज्यादा खेलेंगे, उतना ही अच्छा होगा। मुझे लगता है कि हम अपने करियर के उस स्टेज पर हैं, जहां हमें देश के लिए बाहर आना और खेलना ज्यादा पसंद है। इसलिए बहुत उत्साहित हूं।"

सैमसन 2020 में भी न्यूजीलैंड का दौरा कर चुके हैं, हालांकि उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ दस रन बनाए थे। उनसे पूछा गया कि कुछ साल पहले की तुलना में अब वह भारत का खिलाड़ी होने का दबाव कैसे संभालते हैं। उन्होंने कहा, "आपको अपने पैटर्न खोजने होंगे। आपको अपनी मेंटल स्टेट खोजने की जरूरत है। यहां अपनी सबसे अच्छी मेंटल स्टेट में रहने के लिए हर किसी के अपने मंत्र होते हैं। मुझे लगता है कि मुझे इसमें थोड़ा समय लगा, लेकिन मैं कह सकता हूं कि मैंने यहां एन्जॉय करने का अपना तरीका ढूंढ लिया है।"

संजू सैमसन ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ संपन्न टी20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था और दो तूफानी अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज होनी है। इस सीरीज में भी सैमसन से टीम इंडिया और उनके प्रशंसकों को आकर्षक पारियों की उम्मीद है।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story