Samachar Nama
×

न्यूजीलैंड के खिलाफ फ्रेंडली मैचों के लिए एससी दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को मिली भारतीय टीम में जगह

न्यूजीलैंड के खिलाफ फ्रेंडली मैचों के लिए एससी दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को मिली भारतीय टीम में जगह
न्यूजीलैंड के खिलाफ फ्रेंडली मैचों के लिए एससी दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को मिली भारतीय टीम में जगह

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले इंटरनेशनल फ्रेंडली मैचों के लिए भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। ये मैच 12 और 15 नवंबर को खेले जाएंगे।

हेड कोच खालिद जमील ने दो मैचों की इस सीरीज के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें हनामते को जगह मिली है। भारत 12 नवंबर को ऑकलैंड के 'गो मीडिया स्टेडियम' में न्यूजीलैंड का सामना करेगा। इसके बाद 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च के 'वन न्यूजीलैंड स्टेडियम' में होने वाले दूसरे फ्रेंडली मैच में भारत फिर से न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।

हनामते का चयन स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है। यह क्लब की उस प्रतिबद्धता को दिखाता है, जिसके तहत वे उभरते हुए भारतीय फुटबॉल खिलाड़ियों को अपना हुनर ​​दिखाने और खेल के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। अपने चयन पर बात करते हुए हनामते ने कहा, "सीनियर राष्ट्रीय टीम में दोबारा जगह मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। इससे पहले मैं अंडर-23 स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका हूं। यह मेरे सफर में एक और महत्वपूर्ण कदम है और मैं इस मौके के लिए आभारी हूं। स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली में बिताए समय ने मेरे विकास में अहम भूमिका निभाई है और मैं इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए उत्सुक हूं।"

स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लिए हनामते का राष्ट्रीय टीम में चुना जाना राजधानी में एक प्रतिस्पर्धी फुटबॉल इकोसिस्टम बनाने के उनके बड़े विजन की दिशा में एक उत्साहजनक कदम है। इस विजन का मकसद न केवल सर्वोच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करना है, बल्कि भारतीय फुटबॉल प्रतिभाओं के विकास और तरक्की में सार्थक योगदान देना भी है।

इस मौके पर बोलते हुए एससी दिल्ली के सीईओ ध्रुव सूद ने कहा, “स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली में हमारा मानना ​​है कि हमारी भूमिका केवल आईएसएल में प्रतिस्पर्धा करने तक सीमित नहीं है। हम एक ऐसा क्लब बनना चाहते हैं जो भारतीय फुटबॉल इकोसिस्टम में अपना योगदान दे। इसके लिए हम प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ऐसे अवसर, एक्सपोजर और माहौल देते हैं, जिससे वे अपने करियर में अगला कदम उठा सकें। राष्ट्रीय टीम के लिए हनामते का चुना जाना क्लब से जुड़े सभी लोगों के लिए गर्व की बात है, और यह इस बात की पुष्टि करता है कि हम किस दिशा में काम कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि हमारे क्लब से और भी कई खिलाड़ी सामने आएंगे, जिन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।”

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags