Samachar Nama
×

मुंबई में 10वीं मंजिल से कूदी नवविवाहिता, फुटेज में देंखे पेड़ की डाल में फंसकर बची जान; पैर में घुसी मोटी शाखा

मुंबई में 10वीं मंजिल से कूदी नवविवाहिता, फुटेज में देंखे पेड़ की डाल में फंसकर बची जान; पैर में घुसी मोटी शाखा

मुंबई में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। तुलशेतपाड़ा इलाके में 26 साल की एक नवविवाहिता ने 10वीं मंजिल से छलांग लगा दी। महिला जमीन पर गिरने से पहले नीचे मौजूद पेड़ में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, इस दौरान पेड़ की एक मोटी डाल उसके बाएं पैर में घुस गई और वह करीब 20 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटकी रह गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।

यह घटना तुलशेतपाड़ा स्थित सनशाइन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुई। महिला की पहचान 26 वर्षीय प्रतीक्षा हिवराले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रतीक्षा की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

खिड़की से लगाई छलांग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रतीक्षा ने इमारत की खिड़की से छलांग लगाई थी। 10वीं मंजिल से नीचे गिरते समय वह सीधे जमीन पर नहीं गिरी, बल्कि बिल्डिंग के पास मौजूद पेड़ की शाखाओं में जा फंसी। इसी पेड़ ने उसकी जान बचा ली। हालांकि, गिरने के दौरान पेड़ की एक मोटी डाल उसके बाएं पैर में घुस गई। इसके बाद वह पेड़ पर ही करीब 20 फीट की ऊंचाई पर लटकी रही।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। महिला को और चोट न पहुंचे, इसका ध्यान रखते हुए उसे पेड़ से निकालने की कोशिश की गई। काफी प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने प्रतीक्षा को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

सर्जरी के लिए अस्पताल रेफर

रेस्क्यू के बाद प्रतीक्षा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है और पेड़ की डाल घुसने के कारण सर्जरी की जरूरत बताई गई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया और उसे आगे की सर्जरी के लिए LTMG सायन अस्पताल रेफर किया गया।

छलांग लगाने की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रतीक्षा ने 10वीं मंजिल से छलांग क्यों लगाई। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, इस घटना में पेड़ की वजह से महिला की जान बच जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। अगर प्रतीक्षा सीधे जमीन पर गिरतीं तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

Share this story

Tags