Samachar Nama
×

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी है: कुलदीप यादव के कोच कपिल देव पांडेय

कानपुर, 8 मार्च (आईएएनएस) । स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव के कोच कपिल देव पांडेय ने कहा है कि टी20 विश्व कप 2026 फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी है: कुलदीप यादव के कोच कपिल देव पांडेय

कानपुर, 8 मार्च (आईएएनएस) । स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव के कोच कपिल देव पांडेय ने कहा है कि टी20 विश्व कप 2026 फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है।

आईएएनएस से बात करते हुए कपिल देव पांडेय ने कहा, "भारतीय टीम के लिए इतिहास रचने का मौका है। अभी तक कोई भी मेजबान टीम टी20 विश्व कप नहीं जीती है। साथ ही कोई भी टीम लगातार 2 बार टी20 विश्व कप नहीं जीती है।"

उन्होंने कहा कि विकेट हमारा जाना पहचाना है। हमारे बल्लेबाज फॉर्म में हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हमें इतिहास रचना है।

पांडेय ने कहा कि बल्लेबाजी की तुलना में हमारी गेंदबाजी कमजोर है। हालांकि सेमीफाइनल में डेथ ओवर्स में हमारी गेंदबाजी अच्छी रही, और हम मैच जीते। अब मैच बड़ा है। गेंदबाजों को टप्पे पर गेंदबाजी करनी होगी। बाएं हाथ के बल्लेबाजों को बाहर की तरफ गेंद फेंकना होगा। छोटी गेंद फेंकने से बचना होगा।

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम को हल्के में नहीं लेना है। न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों अच्छी हैं, लेकिन हमें घरेलू मैदान का फायदा मिलेगा। हमने हाल ही में द्विपक्षीय सीरीज में न्यूजीलैंड को हराया भी है, इसलिए हम मजबूत स्थिति में हैं और इस मैच में जीत हमारे लिए बहुत जरूरी है।

शिवम दुबे के कोच सतीश सामंत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "फाइनल मुकाबला कांटे का होगा। दोनों टीमों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी मजबूत है। मुझे लगता है कि मैच आखिरी ओवर तक जा सकता है। इससे मैच का रोमांच बढ़ेगा। मुझे लगता है कि हाई स्कोरिंग मैच होगा।"

सामंत ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम बहुत संतुलित है। ओपनर से लेकर निचले क्रम तक उनकी बल्लेबाजी मजबूत है। 200 के स्कोर को भी हम सुरक्षित नहीं मान सकते हैं।

सामंत ने कहा कि अभिषेक शर्मा का श्रेष्ठ प्रदर्शन इस विश्व कप में अभी तक नहीं आया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी उम्मीद के मुताबिक प्रभावी पारियां नहीं खेल सके हैं। मुझे लगता है कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में इन दोनों की तरफ से बड़ी पारी आनी चाहिए। इसके अलावा, हार्दिक, शिवम, तिलक, और ईशान सभी फॉर्म में हैं।

उन्होंने कहा कि भारत की स्पिन गेंदबाजी में समस्या दिखी है। अगर अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती अच्छी गेंदबाजी करते हैं, तो यह समस्या हल हो सकती है और मैच भारत के पक्ष आ सकता है।

शिवम दुबे ने विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया है और जितने भी अवसर मिले हैं, उसमें रन बनाए हैं। फाइनल में शिवम और हार्दिक का रोल अहम रहेगा। मुझे लगता है कि इस मैच में बल्लेबाजी क्रम में बदलाव ज्यादा फर्क नहीं डालेगा। ज्यादा छेड़छाड़ होनी भी नहीं चाहिए।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags