Samachar Nama
×

नई दिल्ली : नंद नगरी चाकूबाजी कांड में घायल युवक की मौत, एक आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली : नंद नगरी चाकूबाजी कांड में घायल युवक की मौत, एक आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली : नंद नगरी चाकूबाजी कांड में घायल युवक की मौत, एक आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर दिल्ली के नंद नगरी थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में घायल हुए चार युवकों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने एफआईआर में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को नंद नगरी थाने में सुंदर नगरी इलाके में चाकूबाजी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कासिम और कांस्टेबल अनिल जीटीबी अस्पताल पहुंचे, जहां घायल विशाल, विनोद, अभिषेक और सचिन कुमार का इलाज चल रहा था।

जांच के दौरान घायल सचिन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने चचेरे भाई विशाल के साथ ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान सुंदर नगरी स्थित शिव शक्ति मंदिर के पास दो अज्ञात युवकों ने रोक लिया। उसने बताया कि आरोपियों में एक ने सफेद शर्ट और सफेद टोपी पहन रखी थी, जबकि दूसरा काले चेकदार शर्ट में था।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उनसे तंबाकू मांगा और चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद सचिन ने अपने भाई अभिषेक को घटना की जानकारी दी। अभिषेक ने दोनों को घर लौटने की सलाह दी, लेकिन जब वे वापस जाने लगे तो आरोपी उनका पीछा करने लगे।

इस बीच अभिषेक और उनका रिश्तेदार विनोद भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपियों ने सर्वोदय बाल विद्यालय के पास चारों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद नंद नगरी थाने में एफआईआर संख्या 449/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें पीड़ितों को दिखाईं। लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने अरशद उर्फ चिकना (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुंदर नगरी की गली नंबर-2 का निवासी है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक साथी के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू उसके साथी के पास है।

इस बीच शनिवार की तड़के जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि गंभीर रूप से घायल अभिषेक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) जोड़ दी है। पुलिस का कहना है कि फरार सह आरोपी की गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags