Samachar Nama
×

नई दिल्ली: नमो भारत कॉरिडोर पर अब कमर्शियल स्पेस की लाइसेंसिंग के लिए टेंडर जारी

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने बड़ा कदम उठाया है। एनसीआरटीसी ने सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर मौजूद कमर्शियल स्पेस की लाइसेंसिंग के लिए निविदा आमंत्रित की है।
नई दिल्ली: नमो भारत कॉरिडोर पर अब कमर्शियल स्पेस की लाइसेंसिंग के लिए टेंडर जारी

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने बड़ा कदम उठाया है। एनसीआरटीसी ने सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर मौजूद कमर्शियल स्पेस की लाइसेंसिंग के लिए निविदा आमंत्रित की है।

इस पहल का उद्देश्य स्टेशन परिसर को सिर्फ ट्रांजिट प्वाइंट तक सीमित न रखकर उसे एक आधुनिक, सुविधाजनक और जीवंत शहरी केंद्र के रूप में विकसित करना है। एनसीआरटीसी द्वारा जारी निविदा के अनुसार, सराय काले खां नमो भारत स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर चिन्हित आठ स्थानों को व्यावसायिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

इन सभी स्थानों का कुल क्षेत्रफल लगभग 818 वर्ग मीटर यानी करीब 8,800 वर्ग फुट है। इनमें छोटी 17 वर्ग मीटर यूनिट्स से लेकर 247 वर्ग मीटर तक के बड़े कमर्शियल स्पेस शामिल हैं। ये स्पेस “एज इज वेयर इज” आधार पर 9 से 15 वर्षों की लाइसेंस अवधि के लिए दिए जाएंगे।

इन कमर्शियल स्पेस का उपयोग फूड एंड बेवरेज आउटलेट्स, कैफे, कन्विनिएंस स्टोर, सर्विस सेंटर, पॉड सेवाओं और अन्य रिटेल गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर के भीतर ही रोजमर्रा की कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

एनसीआरटीसी का मानना है कि इस कदम से यात्रियों का समय बचेगा और उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित, आरामदायक तथा सुविधाजनक बनेगी। साथ ही स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों और यहां आने वाले आगंतुकों को भी बेहतर रिटेल और सेवा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

सराय काले खां स्टेशन दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के सबसे महत्वपूर्ण और बड़े स्टेशनों में से एक माना जा रहा है। यह स्टेशन तेजी से एक प्रमुख मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित हो रहा है। स्टेशन की कनेक्टिविटी इसे और अधिक खास बनाती है। यह स्टेशन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन से सीधे जुड़ा हुआ है। इसके अलावा रिंग रोड तक भी इसकी आसान पहुंच है।

हाल ही में यात्रियों की सुविधा के लिए 280 मीटर लंबा कवर्ड फुट ओवरब्रिज भी शुरू किया गया है, जिसमें ट्रैवलेटर की सुविधा दी गई है। यह फुट ओवरब्रिज हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करता है, जिससे दोनों परिवहन प्रणालियों के बीच इंटरचेंज और अधिक सुगम और आरामदायक हो गया है।

एनसीआरटीसी का कहना है कि सराय काले खां स्टेशन अपनी रणनीतिक स्थिति, हाई विजिबिलिटी और भविष्य में संभावित भारी यात्री संख्या के कारण मजबूत व्यावसायिक क्षमता रखता है। यही वजह है कि यह स्थान निवेशकों, रिटेलर्स और सेवा प्रदाताओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है। स्टेशन परिसर को ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट मॉडल के तहत विकसित किए जाने की योजना है, जहां व्यावसायिक और मिक्स्ड-यूज डेवलपमेंट की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं।

एनसीआरटीसी का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और व्यवसायों की भागीदारी को बढ़ावा देना भी है, ताकि स्टेशन परिसर यात्रियों के लिए अधिक जीवंत और उपयोगी बन सकें। इस पहल से रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ गैर-किराया स्रोतों से आय में भी वृद्धि होगी।

इच्छुक बिडर्स ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बिड जमा करने की अंतिम तिथि 17 जून 2026 निर्धारित की गई है। निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और सीपीपी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीसी

Share this story

Tags