Samachar Nama
×

तेलंगाना में डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, फुटेज में देंखे न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर मौत

तेलंगाना में डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, फुटेज में देंखे न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर मौत

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद-खम्मम हाईवे पर एक कार सड़क डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में कार चला रहे डॉक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना पिल्ललमारी फ्लाईओवर के पास हुई।

पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। कार डिवाइडर से टकराने के बाद अचानक आग की लपटों में घिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कार की ड्राइविंग सीट पर एक जला हुआ शव बरामद किया गया।

टोल गेट और कार नंबर से हुई पहचान

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के टोल गेट से मिली जानकारी और कार के अस्थायी रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद ली गई। इसके आधार पर मृतक की पहचान के. जगदीश के रूप में हुई।

जगदीश खम्मम जिले के एक अस्पताल में न्यूरोसर्जन के तौर पर काम करते थे। हादसे के वक्त वह खम्मम से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि वह अपने परिवार से मिलने के लिए हैदराबाद जा रहे थे।

हादसे के कारणों की जांच जारी

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल कार के डिवाइडर से टकराने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और आग किस वजह से लगी।

हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

एक डॉक्टर की इस तरह सड़क हादसे में मौत से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Share this story

Tags