नेपाल के विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपए के सहयोग पैकेज की घोषणा, पीएम मोदी और बालेंद्र शाह की वार्ता में हुए बड़े फैसले
नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाल के पीएम बालेंद्र शाह के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, नेपाली पीएम बालेंद्र शाह की इस पहली भारत यात्रा में दोनों देशों ने कनेक्टिविटी, ऊर्जा, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण फैसले लिए। इस दौरान कई कार्यों का उद्घाटन, शिलान्यास और परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ।
मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचा, विकास साझेदारी, कनेक्टिविटी, सीमा प्रबंधन, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
दोनों देशों के बीच हुई इस बैठक में कई बड़ी घोषणाएं भी हुईं। इनमें नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपए (24,000 करोड़ नेपाली रुपए) के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की गई। नेपाल के ट्रांजिट कार्गो के लिए भारत ने दीनदयाल पोर्ट (कांडला, गुजरात) और पारादीप पोर्ट (ओडिशा) तक अतिरिक्त पहुंच देने की घोषणा की गई। इसके अलावा नेपाल के चितवन में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने, नेपाल में आईआईटी का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने और प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिक ब्रॉड-गेज रेलवे लाइन के लिए अंतिम लोकेशन सर्वे पूरा करने की घोषणा की गई।
दोनों देशों की प्रधानमंत्रियों की बैठक के दौरान कई परियोनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी हुआ। इनमें सबसे महत्वपूर्ण भारत के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' रेल सेवा शुरू की गई। इसके साथ ही बनबसा में नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का शिलान्यास किया गया। साथ ही भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में बन रहे आईसीपी की प्रगति की समीक्षा हुई।
इसके अलावा भारत के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले नए सड़क पुल का उद्घाटन किया गया। साथ ही 669 मेगावाट लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। मोतिहारी-अमलेखगंज तेल पाइपलाइन (दूसरा चरण) राष्ट्र को समर्पित किया गया। प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन के तहत झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास भी किया गया।
दोनों देशों के बीच सुरक्षा और कानून को लेकर भी समझौता हुआ। इनमें गांधीनगर स्थित 'नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी' और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग पर समझौता शामिल है। इसके अलावा भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की नेशनल पुलिस अकादमी के बीच सहयोग समझौता हुआ। भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाली सिविल सेवकों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास को लेकर समझौता हुआ।
इसके अलावा आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में सहयोग के लिए भारत और नेपाल के बीच समझौता। स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के बीच समझौता हुआ। साथ ही इसरो और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच साउथ एशिया सैटेलाइट के उपयोग के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने का समझौता। सतत (सस्टेनेबल) शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग पर समझौता और पशुधन और मत्स्य विकास (फिशरीज) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता भी शामिल है।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी

