Samachar Nama
×

नेपाल के पीएम बनने के बाद पहली बार भारत आएंगे बालेंद्र शाह, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से करेंगे मुलाकात: एमईए

नेपाल के पीएम बनने के बाद पहली बार भारत आएंगे बालेंद्र शाह, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से करेंगे मुलाकात: एमईए
नेपाल के पीएम बनने के बाद पहली बार भारत आएंगे बालेंद्र शाह, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से करेंगे मुलाकात: एमईए

नई द‍िल्‍ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोज‍ित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बताया क‍ि नेपाल के प्रधानमंत्री 22-23 नवंबर को राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे।

व‍िदेश मंत्रालय ने बताया क‍ि प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी, जिसमें वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान विकास सहयोग, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, स्टार्टअप, तकनीक और क्रिकेट सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

प्रवक्ता जयसवाल ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा होगी और इसे राजकीय यात्रा का दर्जा दिया गया है।

इस दौरान उन्हें सभी राजकीय सम्मान दिए जाएंगे। वे भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री के साथ भी बातचीत करेंगे। हालांकि कार्यक्रमों का क्रम अलग हो सकता है।

भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से बेहद करीबी, दोस्ताना और बहुआयामी संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच विकास सहयोग, लोगों के आपसी संबंध, ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार (इनोवेशन) और खेल जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी बात की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि क्रिकेट भी अब भारत और नेपाल को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिसिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजारंकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी होंगे।

27 मार्च को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद यह बालेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। इससे पहले वे सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गए थे।

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी द्विपक्षीय बातचीत के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। उसी दिन प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक आधिकारिक दोपहर भोज (लंच) का आयोजन करेंगे।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags