नेपाल और असम में भूकंप के झटके किए गए महसूस, काठमांडू से 196 किलोमीटर दूर था केंद्र
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। देश के पूर्वोत्तर और पड़ोसी देश नेपाल में मंगलवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
एनसीएस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके भूकंप की जानकारी दी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, "नेपाल में मंगलवार को भारतीय समयानुसार रात 9.38 बजे 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र अक्षांश 29.022, देशांतर 83.978 पर, 143 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का स्थान काठमांडू, नेपाल से 196 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में दर्ज किया गया है।"
भूकंप का केंद्र जमीन से 143 किलोमीटर की गहराई में होने के कारण इसके झटके दूर-दूर तक महसूस होने की आशंका है, हालांकि राहत की बात यह है कि गहराई अधिक होने से सतह पर नुकसान की संभावना कम हो जाती है। फिलहाल, नेपाल से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। नेपाल भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील जोन में आता है।
इससे पहले शाम को असम में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया था। एनसीएस ने इससे पहले पोस्ट करके बताया, "मंगलवार को भारतीय समयानुसार रात 8.29 बजे 2.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र अक्षांश 26.373, देशांतर 90.159 पर, 8 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का स्थान कोकराझार, असम में दर्ज किया गया है, जो मेघालय के तुरा से 95 किलोमीटर उत्तर में है।"
असम में आया भूकंप कम तीव्रता का था। रिक्टर स्केल पर 2.3 तीव्रता को हल्का भूकंप माना जाता है, जो अक्सर बिना किसी नुकसान के गुजर जाता है। इसका केंद्र कोकराझार जिले में 8 किलोमीटर की उथली गहराई में था।
पिछले कुछ दिनों में पूर्वोत्तर भारत और नेपाल क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां बढ़ी हैं। इंडियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के टकराव के कारण हिमालयी क्षेत्र में लगातार भूकंप आते रहते हैं।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

