नेपाल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शीत्सांग पर आधारित छह फिल्म प्रदर्शित
बीजिंग, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। हाल ही में काठमांडू में 2026 नेपाल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया, जहां महोत्सव के 'बियॉन्ड शीत्सांग' अनुभाग में चीन के शीत्सांग के बारे में छह फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
'स्नो लेपर्ड', 'द पोटाला पैलेस', 'द प्लेटो स्कूल बस', 'पठार पर सूर्योदय', 'राजा गेसर: संघर्ष और कठिनाइयां' और लघु फिल्म 'आई सॉ शीत्सांग' सहित छह फिल्मों ने सैकड़ों नेपाली दर्शकों को आकर्षित किया।
फिल्म 'स्नो लेपर्ड' दिवंगत निर्देशक पेमा त्सेदेन की कृति है। टोक्यो के 36वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली यह फिल्म पठारी पारिस्थितिकी के संरक्षण और मनुष्य और प्रकृति के सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व पर केंद्रित है। जब फिल्म का प्रदर्शन हुआ, तो 100 से अधिक लोगों की क्षमता वाला सिनेमाघर पूरी तरह से खचाखच भरा हुआ था।
लघु वृत्तचित्र 'आई सॉ शीत्सांग' नेपाल, अमेरिका, रूस, इटली, मोरक्को और कंबोडिया के नौ युवाओं की शीत्सांग यात्रा को आधार बनाकर आधुनिक शीत्सांग की खुलेपन और जीवंतता, हरित प्रौद्योगिकी और युवाओं की सक्रियता की कहानी बयां करता है। इस फिल्म की स्क्रीनिंग में 250 से अधिक नेपाली दर्शक उपस्थित थे।
अंततः, 'स्नो लेपर्ड' ने 'बियॉन्ड शीत्सांग' के गैर-प्रतिस्पर्धी वर्ग में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता, और 'आई सॉ शीत्सांग' ने उसी वर्ग में दर्शकों की पसंद का पुरस्कार जीता। खबरों के मुताबिक, इस साल के फिल्म महोत्सव में 40 देशों और क्षेत्रों की लगभग 100 कृतियों को प्रदर्शित किया गया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

