Samachar Nama
×

कार के सायरन से परेशान पड़ोसी ने पेट्रोल डालकर लगाई आग: गुजरात के मोरबी में वारदात, आरोपी ने खुद मोबाइल से बनाया वीडियो; CCTV में कैद हुई घटना

कार के सायरन से परेशान पड़ोसी ने पेट्रोल डालकर लगाई आग: गुजरात के मोरबी में वारदात, आरोपी ने खुद मोबाइल से बनाया वीडियो; CCTV में कैद हुई घटना

गुजरात के मोरबी में कार के बार-बार बजने वाले सायरन से परेशान एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर पड़ोसी की कार में आग लगा दी। आरोपी ने पहले कार पर पेट्रोल छिड़का और फिर माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया। वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला मोरबी के वाघपारा इलाके का है।

कार को छूने पर बजता था सायरन

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान शिखर गोहेल के रूप में हुई है। उसने बताया कि पड़ोसी की कार का सायरन उसे लगातार परेशान कर रहा था। जब भी वह कार को छूता था, उसका सायरन बजने लगता था। इसी बात से नाराज होकर उसने कार में आग लगाने का फैसला किया।जानकारी के मुताबिक, कार वकील पुष्पा भट्ट की थी। उनकी शिकायत के अनुसार, 28 अक्टूबर को शाम करीब पौने 5 बजे उनकी मारुति स्विफ्ट कार घर के पास खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी शिखर गोहेल एक बोतल में पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा और कार में आग लगा दी।

बोतल से पेट्रोल छिड़का, फिर माचिस जलाकर लगाई आग

CCTV फुटेज में पूरी वारदात दिखाई दे रही है। वीडियो में आरोपी शिखर गोहेल हाथ में बोतल लेकर स्विफ्ट कार के पास आता नजर आ रहा है। इसके बाद वह कार के बोनट और आगे के हिस्से पर पेट्रोल छिड़कता है।पेट्रोल डालने के बाद आरोपी माचिस निकालता है और कार में आग लगा देता है। कुछ ही देर में कार आग की लपटों से घिर जाती है। आग लगाने के बाद आरोपी वहां से तुरंत भागने के बजाय थोड़ी दूरी पर खड़ा हो जाता है और अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाने लगता है।

सड़क पर लोग आते-जाते रहे, आरोपी बनाता रहा वीडियो

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही जारी थी, लेकिन आरोपी बेफिक्र होकर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करता रहा। देखते ही देखते आग ने कार के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद शिखर गोहेल दूसरी कार में बैठकर मौके से चला गया।आरोपी की यह हरकत देखकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और ध्यान खींचा है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

कार में आग लगाए जाने के बाद वाहन मालिक पुष्पा भट्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने पड़ोसी शिखर गोहेल पर पेट्रोल डालकर कार जलाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपी ने कार के सायरन से परेशान होने की बात बताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share this story

Tags