Samachar Nama
×

NEET UG 2027: अगले साल भी पेन-पेपर मोड में हो सकती है नीट परीक्षा, वीडियो में जाने कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तैयारी में आ रही मुश्किलें

NEET UG 2027: अगले साल भी पेन-पेपर मोड में हो सकती है नीट परीक्षा, वीडियो में जाने कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तैयारी में आ रही मुश्किलें

मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2027 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अगले साल होने वाली नीट यूजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी मोड) के बजाय पेन-पेपर मोड यानी ओएमआर शीट पर ही आयोजित होने की संभावना है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर उठे विवाद के बाद केंद्र सरकार ने मई 2026 में घोषणा की थी कि 2027 से नीट परीक्षा कंप्यूटर आधारित कराई जाएगी। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में इस फैसले को लागू करना मुश्किल नजर आ रहा है।

नीट परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को करना है, लेकिन परीक्षा किस माध्यम से होगी, इसका अंतिम फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय करेगा। मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, परीक्षा के तरीके में बदलाव को लेकर नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

जनवरी 2027 तक आ सकती है कमेटी की रिपोर्ट

परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट पहले अक्टूबर 2026 में आने की उम्मीद थी। हालांकि, अब इसके जनवरी 2027 तक आने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही सरकार नीट परीक्षा के प्रारूप को लेकर अंतिम फैसला कर सकेगी।समस्या यह है कि यदि कमेटी की रिपोर्ट जनवरी में आती है तो कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तैयारियों के लिए बहुत कम समय बचेगा। नीट यूजी में हर साल करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होते हैं। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा कराने के लिए पर्याप्त परीक्षा केंद्र तैयार करना और पूरी परीक्षा व्यवस्था को संभालना बड़ी चुनौती होगी।

20 शिफ्टों में परीक्षा कराने पर अलग-अलग पेपर बनाने होंगे

यदि नीट यूजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाती है तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को अलग-अलग शिफ्टों में परीक्षा देनी पड़ सकती है। उदाहरण के तौर पर यदि परीक्षा 20 शिफ्टों में कराई जाती है तो प्रत्येक शिफ्ट के लिए अलग प्रश्नपत्र तैयार करना होगा।ऐसी स्थिति में सभी प्रश्नपत्रों का कठिनाई स्तर समान रखना जरूरी होगा। इसके लिए नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था लागू करनी पड़ेगी। इस प्रक्रिया में अलग-अलग शिफ्टों के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर के आधार पर विद्यार्थियों के अंकों का संतुलन किया जाता है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा मुख्य (जेईई मेन) में यह व्यवस्था पहले से लागू है, लेकिन नीट में इसे लागू करना आसान नहीं होगा।

जीव विज्ञान के सवाल बन सकते हैं बड़ी चुनौती

नीट परीक्षा में लगभग आधे सवाल जीव विज्ञान विषय से पूछे जाते हैं। ऐसे में अलग-अलग शिफ्टों में जीव विज्ञान के प्रश्नों का कठिनाई स्तर समान रखना परीक्षा एजेंसी के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।यदि किसी शिफ्ट का प्रश्नपत्र दूसरी शिफ्ट की तुलना में आसान या कठिन हुआ तो विद्यार्थियों के अंकों पर इसका असर पड़ सकता है। ऐसे में नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना जरूरी होगा।इसके अलावा कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए तनीकी सुविधाएं, परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना होगा।

फिलहाल अंतिम फैसले का इंतजार

केंद्र सरकार ने नीट यूजी को कंप्यूटर आधारित बनाने की घोषणा परीक्षा व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से की थी। हालांकि, कमेटी की रिपोर्ट में देरी और बड़े स्तर पर तैयारियों की जरूरत के कारण 2027 में इस बदलाव को लागू करना मुश्किल दिखाई दे रहा है।फिलहाल स्वास्थ्य मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों की ओर से परीक्षा के तरीके को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में करीब 25 लाख अभ्यर्थियों को यह जानने के लिए इंतजार करना होगा कि नीट यूजी 2027 ओएमआर शीट पर होगी या कंप्यूटर के माध्यम से आयोजित की जाएगी।

Share this story

Tags