Samachar Nama
×

नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल टॉपर

नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल टॉपर
नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल टॉपर

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में 715 अंक के साथ पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल संयुक्त रूप से देश में शीर्ष स्थान पर रहे।

इस साल करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी थी। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है और वे एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष तथा अन्य संबद्ध स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के पात्र बने हैं।

उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड ऑनलाइन ऑफिशियल वेबसाइट पर देख सकते हैं। एनटीए ने टॉप रैंकर्स, राज्यवार टॉपर्स, श्रेणीवार टॉपर्स, कटऑफ अंक और भाषा आधारित भागीदारी की जानकारी भी जारी की है।

एनटीए के अनुसार, 720 में से 690 से अधिक अंक 138 उम्मीदवारों ने प्राप्त किए हैं। इनमें से 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार नीट-यूजी परीक्षा में शामिल हुए थे। वहीं, 99 प्रतिशत टॉप रैंकर्स की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच हैं।

एनटीए के अनुसार, 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए। 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक अंक हासिल किए। 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए। 90,780 उम्मीदवारों के अंक 500 से अधिक रहे।

एनटीए के अनुसार, सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवार सफल हुए हैं। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से अधिक उम्मीदवार सफल हुए, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की।

इस वर्ष सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। छात्राओं की सफलता दर 56.8 प्रतिशत रही, जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत दर्ज की गई।

सफल उम्मीदवारों में से सामान्य वर्ग के 2.91 लाख, ओबीसी-एनसीएल के 5.12 लाख, एससी के 1.59 लाख, एसटी के 63,716, सामान्य ईडब्ल्यूएस के 95,026 छात्र शामिल हैं।

एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों और संबंधित राज्य काउंसलिंग पोर्टलों पर ही भरोसा करें। साथ ही सीट दिलाने, स्कोर बढ़ाने या प्रवेश सुनिश्चित करने के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल, संदेश और वेबसाइटों से सावधान रहने की चेतावनी भी दी गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story