Samachar Nama
×

'नीट' री-एग्जाम की सुरक्षा को लेकर हरियाणा पुलिस अलर्ट, डीजीपी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

चंडीगढ़, 29 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आगामी नीट-यूजी परीक्षा की सुरक्षा और नशामुक्त हरियाणा अभियान को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

डीजीपी अजय सिंघल ने अधिकारियों को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप सतर्कता और योजनाबद्ध तरीके से काम करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 21 जून को होने वाली 'नीट' परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीजीपी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं इस परीक्षा की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्रों का समय रहते निरीक्षण करने, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने और खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि पेपर लीक या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में नशामुक्त हरियाणा अभियान को बड़े स्तर पर चलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। एडीजीपी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) संजय कुमार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार इस अभियान को लेकर बेहद गंभीर है। सभी थाना प्रभारियों को स्कूलों-कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

प्रदेश में जनजागरूकता अभियान तेज करने और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला किया गया। डीजीपी ने नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने, नार्को डॉग्स का प्रभावी उपयोग करने और मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच के भी निर्देश दिए। संजय कुमार ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 3062 अपराधियों के खिलाफ कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में कार्रवाई की गई है।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि जून माह में प्रदेश में एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) का गठन किया जाएगा। उन्होंने सभी जिलों को कानून व्यवस्था कंपनियों के प्रशिक्षण को मजबूत करने और किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। बैठक में डीजीपी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में वर्तमान में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन भविष्य की किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पुलिस बल को हमेशा तैयार और सतर्क रहना होगा।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags