Samachar Nama
×

नीट परीक्षा पेपर लीक पर अभ्यर्थियों ने जताई चिंता, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

जोधपुर, 15 मई (आईएएनएस)। नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। छात्रों का कहना है कि वे वर्षों की मेहनत और परिवार के सपनों को लेकर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। अभ्यर्थियों ने सरकार से इस मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है।

एक अभ्यर्थी ने बताया कि पिछली बार उनका नीट का पेपर काफी अच्छा गया था और अच्छा स्कोर आने की उम्मीद भी थी, लेकिन पेपर लीक की खबरों ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कोचिंग संस्थानों की मदद से पेपर लीक किए जाते हैं। खासतौर पर सीकर की कई कोचिंगों का नाम सामने आने की बात कहते हुए उन्होंने सरकार से जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

दूसरे अभ्यर्थी ने कहा कि उनकी तैयारी इस बार भी अच्छी है, लेकिन मन में डर बना हुआ है कि कहीं फिर से पेपर लीक न हो जाए। उनका कहना है कि अगर ऐसा दोबारा हुआ तो छात्रों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा होने पर छात्रों का समय, पैसा और मानसिक संतुलन प्रभावित होता है। इसलिए सरकार को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। एक अन्य छात्र ने कहा कि कई वर्षों से पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।

उन्होंने कहा कि उनके परिवार का सपना है कि वे डॉक्टर बनें, लेकिन व्यवस्था की खामियों की वजह से उनका भविष्य दांव पर लग रहा है। छात्रों ने बताया कि वे दूर-दराज इलाकों से कोटा जैसे शहरों में पढ़ने आते हैं और कठिन परिस्थितियों में तैयारी करते हैं। ऐसे में एक गलती लाखों छात्रों की मेहनत बर्बाद कर देती है। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ आयोजित कराई जाए।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने घोषणा की है कि नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीख 21 जून तय की गई है। यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है।

इस फैसले के बाद करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों को थोड़ी राहत मिली है, जो पिछले कुछ समय से अनिश्चितता में थे। छात्रों और अभिभावकों से एनटीए ने साफ तौर पर अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें। इसके लिए एजेंसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि किसी भी तरह की गलत जानकारी से बचा जा सके।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story

Tags