नीट पेपर लीक पर माता प्रसाद पांडे बोले, अब तक शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए था
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक होने और अब दोबारा पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराए जाने की घोषणा पर विपक्षी दलों के नेताओं का कहना है कि छात्रों की मेहनत बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार कौन है और उस पर कार्रवाई कब होगी? सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि अब तक तो शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए था।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि छात्रों की जो मेहनत बर्बाद हुई, उसका जिम्मेदार कौन है? अब उन्हें फिर से मेहनत करनी होगी। इससे बच्चों पर भार पड़ा या नहीं?
उन्होंने कहा कि कई पेपर अब तक लीक हो चुके हैं। शिक्षा मंत्री को तो अब तक इस्तीफा दे देना चाहिए था। लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में पड़ गया है।
कुछ छात्रों की आत्महत्या की खबरों पर उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने से कई छात्र परेशान हो गए हैं। बहुत से छात्र अभी इस कष्ट को झेलने वाले हैं।
कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि पहले ऐसी स्थिति नहीं थी। क्या आपने पहले कभी ऐसे तर्क सुने हैं? पिछले 7-8 वर्षों में उन्होंने एक ऐसा सिस्टम बना दिया है, जहां उन्हें लगता है कि वे कुछ भी कर सकते हैं। यह कैसे संभव है? ऐसा कैसे हो सकता है? इसके पीछे एक बड़ी साजिश है और इतने वर्षों तक सरकार इसका समर्थन करती रही।
उन्होंने कहा कि पहली बार जब पेपर लीक हुआ था, तभी कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन ये किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। जब कड़ा विरोध हुआ और राहुल गांधी ने भी विरोध किया, तब सरकार मजबूर हुई।
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "लगभग 100 प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है और अनिश्चितता का माहौल बन गया है। हालांकि, सरकार इस मुद्दे पर असंवेदनशील रवैया अपना रही है और उसे गंभीरता और चिंता के साथ इसका समाधान करना चाहिए।"
नीट परीक्षा को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार ने नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। उन्होंने बताया कि 21 जून को री-एग्जामिनेशन कराया जाएगा। धर्मेंद्र प्रधान ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले वर्ष से नीट यूजी परीक्षा पारंपरिक ओएमआर आधारित प्रणाली के बजाय कंप्यूटर आधारित परीक्षा मोड में आयोजित की जाएगी।
नीट यूजी परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी। पेपर लीक होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया। अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित करवाई जा रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

