नीट पेपर लीक मामले में पवन खेड़ा का तंज, बोले- पेपर लीक नहीं हुआ, सवाल बाहर आ गया
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक मामले पर एनटीए प्रमुख के बयान को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में तंज सकते हुए कहा कि पेपर लीक नहीं हुआ है बल्कि सवाल बाहर आ गया है।
पवन खेड़ा ने कहा कि 2024 में जब पेपर लीक हुआ, तब मामला सीबीआई तक पहुंचा। सीबीआई ने देरी की और कोर्ट में समय मांगा तो कोर्ट ने फटकार भी लगाई। यह कहानी फिर से दोहराई जा रही है लेकिन इस दौरान एक पूरी पीढ़ी का वर्तमान अंधकारमय हो रहा है और भविष्य खत्म हो रहा है।
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक को लेकर पवन खेड़ा ने कहा कि इससे पहले ऐसी घटना 4 जून 2025 को हुई थी। एक साल बाद फिर से कैबिनेट की बैठक की गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो मंत्री खुद को बेरोजगार मानते थे, उनको भी कुछ घंटे के लिए रोजगार मिला।
पवन खेड़ा ने कहा कि 2047 वाली पीढ़ी को जब सवाल पूछना होगा तो वे किससे पूछेंगे। आज के सवालों का जवाब कौन देगा? उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भुखमरी, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, खाद की कमी और किसानों की समस्या पर सवालों का जवाब कौन देगा।
दिल्ली सरकार की ओर से बकरीद पर कुर्बानी के दिशा-निर्देश जारी करने को लेकर पवन खेड़ा ने कहा कि नियम-कानून तो पहले से ही बने हुए हैं, फिर ये नई-नई बातें क्यों कर रहे हैं? दिल्ली में कौन से ऊंट और गाय की कुर्बानी होती है? लोगों का ध्यान असली मुद्दों से हटाया जा रहा है। हर बकरीद पर ये टूलकिट दिख जाता है।
बता दें कि दिल्ली सरकार ने बकरीद को लेकर सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर वीडियो जारी कर इन निर्देशों की जानकारी दी और कहा कि किसी भी तरह के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बकरीद के अवसर पर गोवंश, गाय, बछड़े, ऊंट और अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी देना पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

