Samachar Nama
×

नीट छात्रों और परिवार के एक सदस्य को पंजाब रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा: हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़, 10 जून (आईएएनएस)। पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार हुई कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार नीट एग्जाम देने जा रहे छात्रों को बस में फ्री यात्रा करने की सुविधा मुहैया कराएगी। यह सुविधा छात्रों के साथ जाने वाले उनके परिवार के एक सदस्य को भी मिलेगी।
नीट छात्रों और परिवार के एक सदस्य को पंजाब रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा: हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़, 10 जून (आईएएनएस)। पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार हुई कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार नीट एग्जाम देने जा रहे छात्रों को बस में फ्री यात्रा करने की सुविधा मुहैया कराएगी। यह सुविधा छात्रों के साथ जाने वाले उनके परिवार के एक सदस्य को भी मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने 1013 लेक्चरर पदों पर भर्ती में अभ्यर्थियों को आयु सीमा में एकमुश्त 5 साल की छूट देने का फैसला लिया है। लोक निर्माण विभाग में 156 इंजीनियरों की सीधी भर्ती को भी मंजूरी दी गई है। मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नहरों और ड्रेनों की डी-सिल्टिंग के कार्य तेजी से हो रहे हैं।

मान सरकार का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों के हित में मान सरकार का एक और जन-हितैषी और संवेदनशील फैसला लिया गया। नीट परीक्षा देने जा रहे 28,000 से ज्यादा छात्रों को तीन दिनों तक पंजाब सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इतना ही नहीं, यह सुविधा बच्चों के साथ जाने वाले परिवार के एक सदस्य को भी मिलेगी। इस फैसले से न सिर्फ हजारों परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि बच्चों को बिना किसी चिंता के अपने भविष्य के अहम पड़ाव की ओर आगे बढ़ने का हौसला भी मिलेगा। मान सरकार शिक्षा को प्राथमिकता देकर युवाओं के सपनों को पूरा करने की हर मुमकिन कोशिश कर रही है।

दूसरी ओर उन्होंने धीरबा में 'नशे के खिलाफ जंग' अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों से अपील की कि वे मान सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही इस लड़ाई में सक्रिय रूप से योगदान दें। इस मौके पर स्थानीय निवासियों को 30,000 डिजिटल राशन कार्ड भी बांटे गए। इन राशन कार्डों के मिलने से लोगों की परेशानी खत्म होगी और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। लोगों ने गरीबों के हित में उठाए गए इस कदम के लिए मान सरकार का दिल से धन्यवाद किया।

पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ मान सरकार युवाओं के लिए एक जीवंत पंजाब बनाने, रोजगार बढ़ाने और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, वहीं दूसरी तरफ केंद्र की भाजपा सरकार, जिसके कार्यकाल में 29 बार पेपर लीक हुए हैं। यह साबित करती है कि यह पार्टी देश के लाखों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा की युवा-विरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूत रुख अपनाते हुए मान सरकार नई पीढ़ी की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास करने को प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के कल्याण और पारदर्शी प्रबंधन को मजबूत करते हुए मान सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को खत्म करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी सीधे सरकार से जुड़ेंगे और उनके अधिकारों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने लोकसभा स्पीकर को 20 टीएमसी सांसदों के लिखे पत्र पर कहा कि बाबा साहब भीम राव अंबेडकर ने जो संविधान बनाया था, वो बहुत सोच-समझकर बनाया था कि इस देश की क्या आवश्यकताएं हैं। लेकिन आज क्या हो रहा है कि कोई व्यक्ति जीत तो दूसरी पार्टी से दर्ज करता है लेकिन शामिल भाजपा में हो जाता है। यह देश के लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। मैं समझता हूं कि जितनी भी विपक्षी पार्टियां हैं, उन्हें चुन-चुन कर भाजपा निशाना बना रही है। 140 करोड़ भारतीय एक दिन एकत्रित होकर भाजपा को इसका जवाब देंगे।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी

Share this story

Tags