Samachar Nama
×

नीरज कुमार को हराना ही हमारा लक्ष्य, पार्टी से कोई लड़ाई नहीं: अनंत सिंह

नीरज कुमार को हराना ही हमारा लक्ष्य, पार्टी से कोई लड़ाई नहीं: अनंत सिंह
नीरज कुमार को हराना ही हमारा लक्ष्य, पार्टी से कोई लड़ाई नहीं: अनंत सिंह

पटना, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जदयू विधायक अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर प्रचार कर रहे हैं, जबकि एनडीए के नेता जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में जुटे हैं।

इस बीच अनंत सिंह ने मंगलवार को कहा कि उनकी लड़ाई किसी पार्टी से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है और वह उन्हें हराएंगे। विजयादशमी के अवसर पर मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गांधी मैदान में असत्य पर सत्य के प्रतीक रावण जलाने को लेकर कहा कि हर पार्टी में इस तरह की राजनीतिक प्रक्रिया चलती रहती है।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। बिहारवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोग अच्छे रहें और नवयुवक तरक्की करें। उन्होंने युवाओं को माता-पिता की सेवा करने की सलाह देते हुए कहा कि जो अपने माता-पिता की सेवा करेगा, वह जीवन में फलेगा-फूलेगा और भगवान उसे कष्ट नहीं देंगे।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए की आठ सीटों पर जीत की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, “वह सब हम नहीं जानते हैं। हम बस एक बात जानते हैं कि हमारी लड़ाई नीरज से है, किसी पार्टी से कोई लड़ाई नहीं है। हम नीरज को हराएंगे।”

उन्होंने नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जनता और भगवान से ऐसे घमंडी व्यक्ति को हराने की प्रार्थना करते हैं। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार पिछले 18 वर्षों से बिना किसी वजह के उन्हें गाली देते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार ने उनसे कहा था कि उनका नाम लेने से ही वह बड़े नेता बनेंगे। इस दौरान अनंत सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी सवाल पूछा गया।

इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले इस मामले को कुछ ही लोग जानते थे, लेकिन अब अधिक लोगों को इसकी जानकारी हो जाएगी। जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने उनकी तबीयत को लेकर टिप्पणी की और कहा कि वह जांच कराने के लिए अक्सर जाते रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दो घंटे बाद उन्हें वोट मांगते हुए भी सुना जा सकता है।

बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नीरज कुमार और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में जारी राजनीतिक गतिविधियों के बीच अनंत सिंह अपने बयानों से चर्चा में हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags